पश्चिम सिंहभूम में नक्सलियों के बिछाए IED की चपेट में आई बुजुर्ग महिला, ब्लास्ट में दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Saturday, Apr 29, 2023 - 06:26 AM (IST)

चाईबासाः झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में मारीदिरी गांव के निकट नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से रखा गया आइईडी बम फटने से शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गांव वालों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी लेकिन पुलिस समय रहते घटनास्थल पर नहीं पहुंची।
सूत्रों ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पुलिस पूरी सतर्कता बरतते हुए केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की टुकड़ी के साथ घटनास्थल के लिए रवाना होगी। चाईबासा में इस वर्ष जनवरी से जारी नक्सल विरोधी अभियान में बाधा डालने के लिए नक्सली इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इससे पहले इसी माह 14 तारीख को हुए आइईडी विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और उनका छह साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था।