भारतीय सिनेमा के लिए ऐतिहासिक दिन, 'नाटु नाटु' व 'द एलिफेंट व्हिस्परर्स' के ऑस्कर जीतने पर अमित शाह ने बधाई दी

punjabkesari.in Monday, Mar 13, 2023 - 04:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेलुगु फिल्म 'आरआरआर' के गीत 'नाटु नाटु' एवं तमिल भाषा की डॉक्यूमेंट्री 'द एलिफेंट व्हिस्परर्स' के ऑस्कर पुरस्कार जीतने पर उनकी सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि यह भारतीय सिनेमा के लिए ऐतिहासिक दिन है। फिल्म ‘आरआरआर' के तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु' ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीत कर इतिहास रच दिया है।

‘नाटु नाटु' का मतलब होता है ‘नाचना'। तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु' के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और गीतकार चंद्रबोस ने इसके बोल लिखे हैं। इसे आवाज काल भैरव और राहुल सिप्लीगुंज ने दी है। वहीं 'द एलिफेंट व्हिस्परर्स' पहली भारतीय फिल्म है जिसे 'डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट' श्रेणी में ऑस्कर पुरस्कार मिला है। शाह ने फिल्म की टीम को बधाई देते हुए एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक दिन, 'नाटु नाटु' गाने ने ऑस्कर पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया।

यह गीत भारतीयों के साथ-साथ दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के होठों पर था।'' शाह ने एक अन्य ट्वीट में 'द एलिफेंट व्हिस्परर्स' के लिए भी बधाई दी और कहा कि यह फिल्म हाथियों को बचाने के लिए भारत के प्रयासों को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार भारतीय फिल्म उद्योग की क्षमता को उजागर करता है और यह युवा फिल्म निर्माताओं को प्रेरित करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News