अमेरिका और फ्रांस ने की PM मोदी की तारीफ, कहा- उन्होंने पुतिन को दिया था सही मैसेज
punjabkesari.in Wednesday, Sep 21, 2022 - 09:11 AM (IST)

नेशनल डेस्क: व्हाइट हाउस (White House) ने मंगलवार को कहा कि उज्बेकिस्तान (Uzbekistan) में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर एक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जो संदेश दिया वह उस “सिद्धांत पर आधारित बयान” है, जिसे वह सही और उचित मानते हैं।
वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी UNGA में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। इमैनुएल मैक्रों ने UNGA में कहा कि पीएम मोदी ने समरकंद में सही कहा था कि यह समय युद्ध का नहीं है। पश्चिम से बदला लेने का या पूर्व के खिलाफ पश्चिम का विरोध करने का नहीं है, यह हमारे जैसे संप्रभु राष्ट्रों के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने का समय है।
अमेरिका ने भी की तारीफ
व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिका इसका स्वागत करता है। पिछले हफ्ते संपन्न शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन के इतर उज्बेकिस्तान के शहर समरकंद में पुतिन के साथ अपनी मुलाकात के दौरान मोदी ने रूसी राष्ट्रपति से कहा था, “आज का दौर युद्ध का दौर नहीं है और मैं फोन पर आपसे इस पर बात कर चुका हूं।” इस पर पुतिन ने मोदी से कहा था कि वह यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत की चिंताओं से अवगत हैं और रूस इसे जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
पीएम मोदी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने व्हाइट हाउस में मीडिया से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा वह उस “सिद्धांत पर आधारित एक बयान है जिसे वह (मोदी) सही व उचित मानते हैं तथा अमेरिका इसका स्वागत करता है।'' सुलिवन ने कहा कि भारतीय नेता की यह टिप्पणी सराहनीय है, जिससे रूस को यह संदेश दिया गया है कि अब युद्ध समाप्त होने का समय आ गया है।