पी चिदंबरम ने की पीएम मोदी की युद्ध नीति की तारीफ, कहा- भारत ने सही समय पर संतुलित कदम उठाया

punjabkesari.in Sunday, May 11, 2025 - 03:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क. भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का एक लेख काफी चर्चा में है। उन्होंने 'इंडियन एक्सप्रेस' में प्रकाशित अपने कॉलम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की युद्ध नीति की सराहना की है।

पीएम मोदी की युद्ध नीति को बताया 'बुद्धिमत्तापूर्ण और संतुलित'

चिदंबरम ने अपने लेख में 22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान को दिए गए जवाब को 'बुद्धिमत्तापूर्ण और संतुलित' बताया है। उन्होंने कहा कि हमले के बाद देश में बदले की भावना प्रबल थी, लेकिन सरकार ने सीमित सैन्य कार्रवाई का रास्ता चुनकर एक बड़े युद्ध को टाल दिया।

सीमित सैन्य कार्रवाई की सराहना

उन्होंने आगे कहा कि सैन्य कार्रवाई सीमित और सुनियोजित थी, जिसका मुख्य उद्देश्य आतंकी संगठनों के बुनियादी ढांचे को नष्ट करना था। चिदंबरम ने पीएम मोदी के इस कदम को समझदारी भरा बताते हुए कहा कि भारत ने पूर्ण युद्ध की स्थिति से बचकर वैश्विक स्थिरता को प्राथमिकता दी।

पीएम मोदी के शब्दों का जिक्र

अपने लेख में चिदंबरम ने 2022 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को कहे गए शब्दों का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'यह युद्ध का युग नहीं है'। उन्होंने कहा कि आज भी दुनिया को पीएम मोदी के ये शब्द याद हैं और यही कारण है कि कई देशों ने भारत को निजी तौर पर युद्ध न करने की सलाह दी।

वैश्विक स्थिरता पर जोर

चिदंबरम ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु शक्ति संपन्न देश हैं और एक पूर्ण युद्ध न केवल क्षेत्रीय बल्कि वैश्विक अस्थिरता का कारण बन सकता था। उन्होंने रूस-यूक्रेन और इजरायल-गाजा के संघर्षों का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया अब युद्ध को बर्दाश्त नहीं कर सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News