Alert: चक्रवाती तूफान मोन्था मचाएगा तबाही, बारिश, ठंड और बर्फबारी का अलर्ट जारी
punjabkesari.in Tuesday, Oct 28, 2025 - 07:42 PM (IST)
नेशनल डेस्कः चक्रवाती तूफान मोन्था के प्रभाव से दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं, वहीं उत्तर भारत में मौसम करवट बदल रहा है। दिल्ली-NCR में आज रात तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, साथ ही तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरे के छाने की संभावना भी जताई है।
IMD का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में आज रात तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी और ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में सुबह और शाम को कोहरा छाने की भी संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
IMD ने बताया कि 27 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है, जो 29 अक्टूबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उससे सटे उत्तर भारत के राज्यों को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और झारखंड 30 अक्टूबर तक तूफान के प्रभाव में रहेंगे। इन राज्यों में हल्की से लेकर तेज ठंडी हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है, जिससे मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ेगी और कोहरा छाने लगेगा।
बीते 24 घंटे का मौसम
चक्रवाती तूफान मोन्था के असर से झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश हुई। दिल्ली और नोएडा में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। रात में ठंडी हवाएं चलीं, जो सुबह तक जारी रहीं। आज दोपहर तक फिर से बादल छाए रहने और शाम तक बारिश होने का अनुमान है। दिल्ली का अधिकतम तापमान बीते दिन 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्शाता है।
