माकन का अाराेप, भ्रष्टाचार में लिप्त है भाजपा और केजरीवाल सरकार

punjabkesari.in Thursday, Mar 02, 2017 - 05:24 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने राजधानी के तीनों नगर निगमों में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा-केजरीवाल के राज में निगम भ्रष्ट एवं असहाय हो गयी है। माकन ने आज यहां निगम मुख्यालय में भाजपा शासित निगम के कमियों को गिनाते हुए आरोप पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से जारी आर्थिक सर्वेक्षण में भी पारदर्शिता तथा जवाबदेही के मामले में दिल्ली नगर निगम को काफी नीचे स्थान दिया गया है। दिल्ली नगर निगम से ऊपर पटना, लखनऊ, भोपाल, कानपुर, हैदराबाद, लुधियाना और हैदराबाद हैं तथा इनमें सबसे ऊपर मुंबई का नाम है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में निगम में भाजपा ने जिस तरह से काम किया है उसमें उनकी लचर और गैरजिम्मेदाराना रवैए का पता चलता है। निगम के पास पैसे होने के बावजूद विभिन्न मदों में समुचित खर्च नहीं किया गया और हर बार सिर्फ पैसे नहीं होने का रोना रोया जाता है। पूर्वी निगम में पिछले 44 महीने से, उत्तरी निगम में 27 महीने तथा दक्षिणी निगम में 20 महीने से पेंशन नहीं दी गई है।

माकन ने कहा कि निगम के स्कूलों की हालत भी दयनीय है। पिछले 5पांच वर्षों में दक्षिणी निगम के 56703  बच्चे स्कूल छोड़ चुके हैं तथा इसी प्रकार पूर्वी दिल्ली में वर्ष 2012 से अब तक 22 स्कूल बंद हो गए हैं। प्राथमिक स्कूलों में मिलने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता भी काफी खराब है। दक्षिणी निगम में करीब 232 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं जबकि पूर्वी निगम में 158 नमूने सही नहीं पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि तीनों निगम में स्वास्थ्य, सफाई, सामुदायिक सेवा, पार्कों के रखरखाव, पशु चिकित्सा, कार पार्किंग विज्ञापन समेत अन्य क्षेत्रों में भी पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर तीनों निगम विफल हो गई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि निगम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पार्टी ने एक वित्तीय रोडमैप तैयार किया है जिसके तहत निगम को अपने स्रोतों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उनकी कोशिश होगी निगम के स्रोतों का बेहतर प्रयोग करके दूसरे पर निर्भरता कम किया जाए। इस पर गंभीर विचार-विमर्श के लिए 6 मार्च को इंडिया हैबिटेट सेंटर में एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News