Air India की टोक्यो से दिल्ली आ रही फ्लाइट कोलकाता 'डायवर्ट', सामने आई ये वजह
punjabkesari.in Sunday, Jun 29, 2025 - 09:50 PM (IST)

नेशनल डेस्कः एअर इंडिया की टोक्यो से दिल्ली आ रही अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट AI357 को रविवार को उस समय कोलकाता की ओर डायवर्ट करना पड़ा जब विमान के केबिन में लगातार गर्मी बढ़ती रही। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन उठाया गया।
फ्लाइट ने जापान के हानेडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर में उड़ान भरी थी और इसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना था। हालांकि, मध्य उड़ान में केबिन एयर कंडीशनिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण तापमान असामान्य रूप से बढ़ गया। यात्रियों और क्रू को गर्मी के कारण असुविधा होने लगी, जिसके बाद पायलट ने निर्णय लिया कि विमान को नजदीकी बड़े एयरपोर्ट कोलकाता की ओर मोड़ दिया जाए।
Air India flight from Tokyo to Delhi diverted to Kolkata as precautionary measure over cabin temperature issue
— ANI Digital (@ani_digital) June 29, 2025
Read @ANI Story | https://t.co/VZ6DF9e5bp#AirIndia #Tokyo #Kolkata pic.twitter.com/OSozMfRff0
तकनीकी जांच जारी, यात्रियों को सहायता
एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया: “29 जून को टोक्यो के हानेडा से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI357 को केबिन में लगातार गर्म तापमान के कारण एहतियातन कोलकाता डायवर्ट किया गया। विमान कोलकाता में सुरक्षित रूप से लैंड हुआ है और उसकी तकनीकी जांच की जा रही है।”
कोलकाता में एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। यात्रियों के लिए होटल, भोजन और वैकल्पिक उड़ानों के जरिए दिल्ली भेजने की व्यवस्था की जा रही है। एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।