दिल्ली में वायु गुणवत्ता ''बहुत खराब'' श्रेणी में, आने वाले दिनों में गंभीर होने की आशंका

punjabkesari.in Monday, Dec 08, 2025 - 11:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार को 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी रही क्योंकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 से ऊपर रहा, जबकि पूर्वानुमान बताते हैं कि आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और बिगड़ सकता है तथा 'बहुत खराब से गंभीर' श्रेणी में पहुंच सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 314 रहा, जबकि रविवार को इसी समय यह 308 था। सुबह के समय एक्यूआई 318 था जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है, जबकि रविवार को यह 308 था।

इस बीच, सीपीसीबी के समीर ऐप ने शाम छह बजे तक स्टेशनवार प्रदूषण स्तर को अद्यतन नहीं किया था, लेकिन सुबह के आंकड़े से पता चला कि 27 स्टेशन ने हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की और 11 ने 'खराब' श्रेणी में दर्ज की। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा', 51 से 100 ‘संतोषजनक', 101 से 200 ‘मध्यम', 201 से 300 ‘खराब', 301 से 400 ‘बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर' माना जाता है।

दिल्ली के वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए निर्णय समर्थन प्रणाली के अनुसार, शहर के भीतर परिवहन का स्थानीय प्रदूषण में 17.7 प्रतिशत का योगदान था, इसके बाद दिल्ली और परिधीय उद्योगों का 8.5 प्रतिशत, अपशिष्ट जलाने से 1.6 प्रतिशत, निर्माण का 2.4 प्रतिशत और आवासीय स्रोतों का 4.3 प्रतिशत का योगदान था। पड़ोसी एनसीआर जिलों में झज्जर का 11.5 प्रतिशत, रोहतक का 5.1 प्रतिशत, सोनीपत का 8 प्रतिशत, गुरुग्राम का 1 प्रतिशत और जींद का 3.4 प्रतिशत योगदान था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है, जबकि सुबह का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 0.9 डिग्री कम है। शाम को सापेक्षिक आर्द्रता 52 प्रतिशत और सुबह 84 प्रतिशत तक पहुंच गई। आईएमडी ने मंगलवार के लिए, आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने का अनुमान जताया है। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News