Air Ambulance Crash : रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही एयर एंबुलेंस क्रैश, विमान में 7 लोग थे सवार
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 11:50 PM (IST)
नेशनल डेस्कः रांची से सात लोगों को दिल्ली ले जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार को झारखंड के ही चतरा जिले के सिमरिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने यह जानकारी दी। इस दुर्घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना रांची हवाई अड्डे से एयर एंबुलेंस के शाम करीब सात बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरने के बाद हुई।
हवाई अड्डे के निदेशक कुमार ने मीडिया को बताया, "रांची से सात लोगों को लेकर जा रही एक एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना राज्य प्रशासन से प्राप्त हुई है।" उन्होंने बताया कि एंबुलेंस का हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से संपर्क टूट गया था। इस बीच, डीजीसीए ने एक बयान में कहा, ''तेईस फरवरी 2026 को रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट सी90 विमान वीटी-एजेवी, रांची-दिल्ली मार्ग पर चिकित्सा निकासी (एयर एम्बुलेंस) उड़ान पर था, (लेकिन) यह झारखंड के चतरा जिले की कसरिया पंचायत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।''
विमान में चालक दल के दो सदस्यों सहित सात लोग सवार थे। बयान में कहा गया, ''विमान ने भारतीय समयानुसार 19:11 बजे रांची से उड़ान भरी। कोलकाता से संपर्क स्थापित होने के बाद, भारतीय समयानुसार 19:34 बजे, विमान का वाराणसी से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व स्थित कोलकाता से संचार और रडार संपर्क टूट गया।'' बयान में कहा गया है कि जिला प्रशासन की खोज एवं बचाव टीम घटनास्थल पर मौजूद है और वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) की एक टीम को जांच के लिए भेजा जा रहा है।
