BHIM App से एक व्यक्ति को जोड़ने पर आपको मिलेंगे 10 रुपए: PM मोदी

punjabkesari.in Friday, Apr 14, 2017 - 02:28 PM (IST)

नागपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अम्बेदकर जयंती पर नागपुर में आज एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने ऐसे संविधान का निर्माण किया जिसके तहत सारे सवालों के जवाब संविधान से मिलते हैं। उन्‍होंने दीक्षा भूमि, नागपुर को प्रणाम करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने विष पिया लेकिन हमेशा अमृत की वर्षा की। उन्होंने जातिगत दंश समेत जीवन में कई समस्‍याओं का सामना किया लेकिन इससे उनके मन में कटुता नहीं आई। यह उनके कार्यों में दिखता है। उनके कार्यों में किसी प्रकार की कटुता या दुश्‍मनी का भाव नहीं दिखता बल्कि उन्‍होंने सामाजिक समरसता की भावना को बल दिया। यह उनकी विशेषता थी।

भीम App से कमा सकते हैं पैसा
मोदी ने कहा कि भीम-आधार एप दुनिया में अपनी किस्‍म का अनोखा है। यहां तक कि दुनिया के सबसे एडवांस देशों में भी ऐसा तंत्र नहीं है। यह पूरी तरह से गेमचेंजर साबित होगा। यह पूरे देश में लोगों के जीवन में सकारात्‍मक असर डालेगा। हर देश इस तंत्र को अपनाना चाहेगा। हम इस मामले में अगुआ हैं और दूसरे देशों के लिए उदाहरण साबित होंगे। इसके साथ ही उन्‍होंने भीम एप के साथ रेफरेल कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा भी की। उन्‍होंने कहा कि यदि आप दूसरों को इसके साथ जोड़ते हैं तो आपको प्रोत्‍साहन राशि दी जाएगी. इसके तहत यदि आप किसी को जोड़ते हैं तो आपको 10 रुपए दिए जाएंगे। उन्‍होंने हल्‍के-फुल्‍के अंदाज में यह भी कहा कि यदि आप ऐसे 20 लोगों को रोजाना जोड़ें तो 200-300 रुपए कमा सकते हैं और पैसे के लिए माता-पिता पर भी निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

जनसभा में ये भी बोले मोदी
-आज हम कई प्रोजेक्‍ट शुरू कर रहे हैं। बिजली हमारे जीवन का अनिवार्य हिस्‍सा है। 21वीं सदी में यह हर नागरिक का अधिकार है। विकास तभी संभव है जब बिजली उपलब्‍ध हो। इस लिहाज से हमने अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में विशेष ध्‍यान दिया है। उन्‍होंने कहा कि 2022 तक सभी को घर मिले, इस सपने को साकार करने के लिए सरकार अथक प्रयास कर रही है।

-भारत डिजिटल इकोनॉमी की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। वह दिन दूर नहीं जब गरीब से गरीब भारतीय भी कहेगा कि 'डिजिधन निजी धन है।'

-हम सभी को पैसे की जरूरत है लेकिन यह जरूरी नहीं कि यह कैश की शक्‍ल में हो। अधिक कैश होने से अधिक समस्‍याएं होती हैं। बेहतर समाज के लिए कम कैश होना जरूरी है। पेपरलैस करैंसी ही हमारा भविष्‍य है। यह सभी समस्‍याओं का निदान है। अब आपका मोबाइल ही आपका एटीएम बन जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News