2 बच्चों की मां ने लगाया फंदा, Reels देखकर सीखा था... बेटी ने बताई सारी बात
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 12:03 AM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बबेरू कोतवाली क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया, जब उसकी चार साल की बेटी ने अपनी मां को कमरे में फंदे से लटका देखा। बच्ची की चीख-पुकार सुनते ही घर में हड़कंप मच गया और परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे मोहल्ले में सन्नाटा छाया हुआ है।
सात साल का वैवाहिक जीवन, पीछे छूटे दो मासूम
यह मामला बबेरू कस्बे के पास करुइया मजरा कृष्णा नगर का है। यहां रहने वाले जगजीत की शादी करीब सात साल पहले मोहनी से हुई थी। जगजीत मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था। दंपती के दो बच्चे हैं- चार साल की बेटी और आठ महीने का बेटा। अचानक हुई इस घटना ने दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया।बताया जा रहा है कि घटना के वक्त महिला कमरे में अकेली थी। जब बच्ची वहां पहुंची तो उसने मां को इस हालत में देखा और रोते हुए शोर मचा दिया, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
मोबाइल फोन बना जांच का अहम सुराग
मौके से पुलिस को मृतका का मोबाइल फोन भी मिला है, जिसने जांच को नया मोड़ दे दिया। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसकी मां घटना से पहले मोबाइल पर फांसी से जुड़े वीडियो और रील देख रही थी। पुलिस की शुरुआती जांच में भी मोबाइल से ऐसे कंटेंट को बार-बार सर्च किए जाने के सबूत मिले हैं। इन तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस बोली- हर पहलू से जांच
डीएसपी सौरभ सिंह ने बताया कि बबेरू थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय महिला ने किन्हीं कारणों से आत्मघाती कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन से मिले डेटा और बच्ची के बयान को जांच में शामिल किया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
