Reels से बने लखपति! Facebook दे रहा हर महीने लाखों कमाने का मौका, 1 लाख फॉलोअर्स हैं तो हर माह होगी इतनी इनकम

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 01:51 PM (IST)

Creator Fast Track:  फेसबुक पर रील्स बनाकर लखपति बनने का सपना अब हकीकत में बदल रहा है। मेटा ने डिजिटल दुनिया के दिग्गजों को अपने पाले में लाने के लिए 'क्रिएटर फास्ट ट्रैक' (Creator Fast Track) नाम का एक धमाकेदार प्रोग्राम शुरू किया है। इस पहल का सीधा मकसद उन क्रिएटर्स को फेसबुक की ओर खींचना है, जो पहले से ही इंस्टाग्राम, यूट्यूब या टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म्स पर अपनी पहचान बना चुके हैं। अक्सर बड़े क्रिएटर्स को लगता है कि नए प्लेटफॉर्म पर शून्य से शुरुआत करना काफी थका देने वाला काम है, लेकिन फेसबुक का यह नया प्रोग्राम इसी मुश्किल को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है।

कमाई का अनूठा मॉडल और गारंटीड पेमेंट
इस प्रोग्राम की सबसे आकर्षक बात यह है कि इसमें आपको किस्मत के भरोसे नहीं बैठना होगा। मेटा ने इसमें शामिल होने वाले क्रिएटर्स के लिए तीन महीने की गारंटीड पेमेंट का प्रावधान रखा है। इसका मतलब है कि अगर आप अपनी बेहतरीन रील्स फेसबुक पर साझा करते हैं, तो कंपनी आपको निश्चित भुगतान करेगी। साथ ही, फेसबुक आपके कंटेंट की 'रीच' (पहुंच) को भी आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस के जरिए बूस्ट करेगा, जिससे आपके फॉलोअर्स की संख्या रातों-रात बढ़ सकती है।

फॉलोअर्स के हिसाब से मिलेगा पैसा
फेसबुक ने कमाई के लिए साफ-सुथरे स्लैब बनाए हैं जो आपकी मौजूदा लोकप्रियता पर आधारित हैं। अगर आपके इंस्टाग्राम, यूट्यूब या टिकटॉक पर कम से कम 1 लाख फॉलोअर्स हैं, तो आप हर महीने $1,000 (करीब 93,397 रुपये) की कमाई के हकदार बन सकते हैं। वहीं, अगर आपकी फैन फॉलोइंग और भी बड़ी है और आपके पास 10 लाख (1 Million) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, तो यह कमाई बढ़कर $3,000 (लगभग 2,80,193 रुपये) प्रति माह तक पहुंच सकती है।

भविष्य की कमाई का पक्का रास्ता
यह केवल तीन महीने का शॉर्ट-कट नहीं है, बल्कि एक लंबी रेस की शुरुआत है। क्रिएटर फास्ट ट्रैक प्रोग्राम में शामिल होते ही आपको फेसबुक के मोनेटाइजेशन टूल्स का तुरंत एक्सेस मिल जाता है। इसका फायदा यह है कि जब तीन महीने का गारंटीड प्रोग्राम खत्म हो जाएगा, तब भी आप विज्ञापनों और अन्य फीचर्स के जरिए फेसबुक से मोटी कमाई जारी रख पाएंगे।

मेटा का यह निवेश क्रिएटर इकॉनमी में उसके बढ़ते प्रभुत्व को दर्शाता है। साल 2025 में फेसबुक ने अपने क्रिएटर्स को लगभग $3 बिलियन (करीब 25,000 करोड़ रुपये) का भुगतान किया है, जो पिछले साल के मुकाबले 35 फीसदी ज्यादा है। यह साफ संकेत है कि फेसबुक अब वीडियो क्रिएटर्स के लिए सबसे ज्यादा पैसा बरसाने वाला प्लेटफॉर्म बन गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News