120 किमी/घंटा की रफ्तार में Reel बना रहे थे युवक, कार डिवाइडर से टकराई; 2 की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 11:35 PM (IST)

नेशनल डेस्कः गुजरात में तेज रफ्तार और सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में बड़ा हादसा हो गया। शनिवार को गुजरात के जेतपुर में एक कार दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ समय पहले कार चला रहा युवक तेज रफ्तार में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक कार को अवध तिवारी चला रहे थे। वे कथित तौर पर Hyundai Verna कार को करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चला रहे थे। इसी दौरान वे मोबाइल फोन से वीडियो बनाकर Instagram पर रील पोस्ट कर रहे थे।

ड्राइविंग करते समय मोबाइल से बना रहा था वीडियो

घटना से पहले बनाए गए एक वीडियो में देखा गया कि पीछे की सीट पर बैठा व्यक्ति वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। वीडियो में अवध तिवारी एक हाथ से मोबाइल फोन पकड़कर रील बना रहे थे और दूसरे हाथ से कार का स्टीयरिंग संभाल रहे थे। एक अन्य क्लिप में आगे वाली सीट पर बैठा व्यक्ति भी तेज रफ्तार कार का वीडियो बनाता हुआ दिखाई दे रहा है।

तेज रफ्तार के कारण कार से खोया नियंत्रण

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर एक की मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में कार चला रहे अवध तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके 20 वर्षीय दोस्त देवराज गोसाई को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। कार में सवार तीसरा युवक अक्षय प्रवीणभाई वाघेला गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव था युवक

बताया जा रहा है कि अवध तिवारी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था। उसके Instagram अकाउंट पर करीब 3,500 से ज्यादा फॉलोअर्स थे। वह अक्सर अलग-अलग कारों के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करता रहता था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News