नोएडा के सेक्टर-63 की दो फैक्ट्रियों में भीषण आग, दमकल की 16 गाड़ियों ने पाया काबू
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 05:10 PM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के डी-ब्लॉक स्थित एक गारमेंट कंपनी और एक बैग निर्माण कंपनी में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दोनों कंपनियां जलकर खाक हो गईं। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-63 के डी-140 स्थित 'ईगल बिजनेस कॉरपोरेशन' नामक कंपनी में दोपहर के समय आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद पड़ोस में स्थित डी-139 की 'शौर्य एक्सपोर्ट' कंपनी भी आग की चपेट में आ गई।
<
#WATCH नोएडा, उत्तर प्रदेश: सेक्टर-63 में एक प्राइवेट कंपनी में आग लगी। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। pic.twitter.com/LC83CGI4Cd
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 16, 2026
>
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 16 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सीएफओ के अनुसार, आग लगने के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में कर्मचारी काम कर रहे थे। कुछ लोग स्वयं बाहर निकल आए, जबकि अन्य को पुलिस और दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही आग को आसपास की अन्य कंपनियों में फैलने से रोक लिया गया। इस घटना के कारण पूरे औद्योगिक क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
