बड़ा हादसाः पेट्रोल पंप पर टैंकर खाली करते समय लगी भीषण आग, 13 लोग झुलसे; 15 बाइकें खाक, मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 06:06 AM (IST)

नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक पेट्रोल पंप पर ईंधन खाली करते समय अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में कई लोगों के झुलसने की खबर है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया है।

20 हजार लीटर ईंधन उतारते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 20 हजार लीटर (20 केएल) पेट्रोल और डीजल से भरा एक टैंकर पंप पर खाली किया जा रहा था। जिस वक्त टैंकर खाली हो रहा था, उसी दौरान कई लोग अपनी गाड़ियों में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे थे। तभी अचानक वहां आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

पंप, बाइकें और टैंकर आए चपेट में
आग इतनी तेज थी कि उसने तुरंत ही पूरे पेट्रोल पंप, वहां खड़ी बाइकों और टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों के बीच अपनी जान बचाने के लिए अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की हालत नाजुक, अस्पतालों में अफरा-तफरी
इस हादसे में झुलसे लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से झुलसे बलराम गुर्जर को प्राथमिक उपचार के बाद राजगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों को शाजापुर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि देर रात तक झुलसे हुए लोगों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी था। प्रशासन और बचाव दल मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटे हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News