अब Fastag में 1,000 रुपए का रिचार्ज फ्री मिलेगा, NHAI लाया ये खास ऑफर
punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 11:11 PM (IST)
नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने स्वच्छ भारत अभियान को नई दिशा देने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की है। अब अगर आप किसी टोल प्लाजा पर गंदा टॉयलेट देखते हैं और उसकी सही जानकारी NHAI को देते हैं, तो आपको ₹1,000 का FASTag रिचार्ज इनाम के तौर पर मिलेगा। यह योजना 31 अक्टूबर 2025 तक देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर लागू रहेगी।
ऐसे करें शिकायत और पाएं इनाम
यात्री ‘राजमार्ग यात्री (Rajmargyatra)’ ऐप के नए वर्जन से गंदे टॉयलेट की जियो-टैग्ड और टाइम-स्टैम्प्ड फोटो अपलोड कर सकते हैं। इसके साथ आपको नाम, लोकेशन, वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर (VRN) और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। NHAI टीम द्वारा जांच के बाद अगर रिपोर्ट सही पाई गई, तो संबंधित वाहन नंबर पर ₹1,000 का FASTag रिचार्ज कर दिया जाएगा।
इनाम के नियम और शर्तें
- हर वाहन नंबर को केवल एक बार इनाम मिलेगा।
- एक ही टॉयलेट को एक दिन में सिर्फ एक बार ही इनाम के लिए माना जाएगा।
- अगर कई लोग एक ही टॉयलेट की शिकायत करते हैं, तो पहली सही रिपोर्ट करने वाले को ही इनाम मिलेगा।
सख्ती से होगी फोटो की जांच
NHAI के मुताबिक, केवल ऐप से ली गई असली, स्पष्ट और जियो-टैग की गई तस्वीरें ही मान्य होंगी। पुरानी, डुप्लीकेट या एडिट की गई फोटो स्वीकार नहीं की जाएंगी। सभी एंट्रीज़ की जांच AI और मैन्युअल सत्यापन से की जाएगी ताकि इनाम केवल वास्तविक रिपोर्ट करने वालों को ही मिले।
कहां लागू होगी यह योजना?
यह इनाम योजना सिर्फ NHAI के स्वामित्व या प्रबंधन वाले टॉयलेट्स पर लागू होगी। पेट्रोल पंप, ढाबों या निजी स्थलों के टॉयलेट इस दायरे में नहीं आएंगे।
