होली-दिवाली पर मिलेगा फ्री सिलेंडर, इस सरकार ने बजट में किए ये बड़े ऐलान
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 05:54 PM (IST)
नेशनल डेस्क : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1,03,700 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह बजट पिछले साल के 1 लाख करोड़ रुपये से बड़ा है। इस बार सरकार ने इसे ‘हरित बजट’ नाम दिया है, जिसका मुख्य फोकस पर्यावरण संरक्षण और संतुलित विकास पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट की हर योजना को पर्यावरण के नजरिए से तैयार किया गया है।
पर्यावरण पर खास फोकस, 21% बजट ‘ग्रीन’ योजनाओं के लिए
रेखा गुप्ता ने अपने भाषण में बताया कि कुल बजट का 21 प्रतिशत हिस्सा पर्यावरण सुधार के लिए रखा गया है। उनका कहना है कि हर फैसले में आने वाली पीढ़ियों और प्रकृति के संतुलन का ध्यान रखा गया है। सरकार का उद्देश्य दिल्ली को ज्यादा स्वच्छ, हरित और टिकाऊ बनाना है।
त्योहारों पर फ्री गैस सिलेंडर, स्वास्थ्य-शिक्षा को प्राथमिकता
इस बजट की सबसे बड़ी घोषणा यह रही कि हर परिवार को साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे- एक होली और एक दिवाली पर। इसके लिए 260 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 12,645 करोड़ रुपये और शिक्षा के लिए सबसे अधिक 19,148 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जो कुल बजट का लगभग 18.6 प्रतिशत है।
MCD को रिकॉर्ड फंड, इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी बड़ा खर्च
दिल्ली नगर निगम (MCD) को इस बार 11,666 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो अब तक का सबसे बड़ा फंड है। वहीं, सड़कों, कनेक्टिविटी और शहरी विकास के लिए भी सरकार ने बड़ा बजट रखा है। लोक निर्माण विभाग को 5,921 करोड़ रुपये और शहरी विकास विभाग को 7,887 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
नई योजनाएं और बड़े ऐलान
बजट में ‘अनमोल योजना’ की घोषणा की गई है, जिसके तहत नवजात शिशुओं की 56 तरह की बीमारियों की जांच मुफ्त होगी। इसके लिए 25 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इसके अलावा, ओवरहेड बिजली तारों को भूमिगत करने के लिए 200 करोड़ रुपये, धूल रहित सड़कों के लिए 1,352 करोड़ रुपये और ग्रामीण विकास के लिए 787 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय को शामिल करने के लिए भी 202 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
सरकार का लक्ष्य- हरित और आधुनिक दिल्ली
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित सड़कें और जलवायु-अनुकूल विकास करना है। इस बजट के जरिए दिल्ली को एक आधुनिक, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
