REEL बनाने के चक्कर में 5 युवकों की गई जान, सभी स्कूल छात्र... पूरे गांव में छाया मातम
punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 06:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बिहार के गया जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खिजरसराय थाना क्षेत्र के केनी पुल के पास 9 लड़के नदी में डूब गए। ये सभी नदी किनारे वीडियो (रील) बना रहे थे। इसी दौरान खेल-खेल में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
चिल्लाने की आवाज पर दौड़े लोग
लड़कों को डूबता देख उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला।
अस्पताल ले जाया गया, 5 की मौत
घायलों को तुरंत बेलागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लड़कों को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहीं सात लड़कों को बेलागंज अस्पताल में भर्ती किया गया, जिनमें से 5 ने दम तोड़ दिया। दो का इलाज जारी है।
11वीं और 12वीं के छात्र थे सभी
जानकारी के मुताबिक, सभी लड़के 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र थे। स्कूल से लौटने के बाद वे नदी किनारे वीडियो बनाने पहुंचे थे। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की हुई पहचान
नीमचक बथानी अनुमंडल के एसडीएम केशव आनंद ने बताया कि घटना की सूचना अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष ने दी है। अब तक जिन लड़कों की पहचान हुई है उनमें तौसीफ, जासिफ, साहिल, जैम, सुफियान और साजिद शामिल हैं। हादसा केनी घाट के पास हुआ।