खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे 4 दोस्तों की मौत, 2 गंभीर घायल

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 12:09 AM (IST)

जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में नेशनल हाईवे-148 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रायसर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे छह दोस्तों की कार का अचानक टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।

टायर फटने से बेकाबू हुई कार

जानकारी के मुताबिक, आगरा निवासी छह दोस्त खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-148 पर अचानक कार का टायर फट गया। कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद कार सड़क से उतरकर किनारे स्थित खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

चार युवकों की मौके पर मौत, दो की हालत गंभीर

इस हादसे में अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा की जान चली गई। वहीं, राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News