Monsoon Alert: 17, 18, 19, 20 जून के बीच 14 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं की भी चेतावनी जारी

punjabkesari.in Tuesday, Jun 17, 2025 - 08:05 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  देशभर में मानसून ने अपनी दस्तक के साथ ही जोर पकड़ लिया है। राजधानी दिल्ली से लेकर दक्षिण, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले 24 घंटों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कई राज्यों में ‘येलो अलर्ट’ भी लागू किया गया है।

इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम सहित दक्षिण भारत के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार वर्षा की संभावना है।

तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश

17 और 18 जून को केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, माहे, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज़ तूफान का भी अंदेशा जताया गया है।

गुजरात और महाराष्ट्र के लिए अलर्ट

गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 17 से 20 जून तक लगातार बारिश हो सकती है। इन इलाकों में भी गरज के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जिनकी गति 30-40 किमी/घंटा तक हो सकती है।

पूर्वी भारत में आंधी-तूफान के संकेत

अगले 24 घंटों में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाके, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी आंधी और बिजली के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है। इन इलाकों में स्थानीय स्तर पर जलभराव और यातायात में बाधा जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग ने बुधवार तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आज शाम तक दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत में भी अलर्ट

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मानसून सक्रिय हो गया है। हिमाचल में येलो अलर्ट के तहत 20 जून के बाद भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। वहीं, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी छिटपुट भारी वर्षा की आशंका है।

बारिश का कहर इन राज्यों में ज्यादा

  • केरल

  • तमिलनाडु

  • कर्नाटक

  • गोवा

  • महाराष्ट्र

  • गुजरात

  • मध्य प्रदेश

  • छत्तीसगढ़

  • ओडिशा

  • पश्चिम बंगाल

  • झारखंड

  • बिहार

  • सिक्किम

  • उत्तराखंड

  • हिमाचल प्रदेश

देश के कई हिस्सों में मौसम का यह परिवर्तन आम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है। कृषि क्षेत्र के लिए यह बारिश राहत भरी हो सकती है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव जैसी संभावित स्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयार रहना जरूरी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News