अब मध्यप्रदेश में नहीं रहेगा बाल हृदय रोगी, सरकार देगी फ्री इलाज

punjabkesari.in Saturday, Sep 10, 2016 - 09:36 PM (IST)

इंदौर: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को यहां कहा कि प्रदेश को बाल हृदय रोग मुक्त बनाया जाएगा। चौहान यहां मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना और राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत बाल हृदय अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में पूर्व से चल रही मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना को नए स्वरूप में लागू किया जाएगा।
 
इस योजना के तहत 2 लाख रुपये की वित्तीय सीमा के बंधन को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना में अब राशि की कोई सीमा नहीं होगी। हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के इलाज में जितनी भी राशि की जरूरत होगी, राज्य शासन उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को बाल हृदय रोग मुक्त प्रदेश बनाया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि प्रदेश में अब कोई भी बच्चा हृदय रोग से पीड़ित नहीं रहे।
 
हृदय रोग से पीड़ित बच्चों का पता लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान में चिन्हित बच्चों का विशेषज्ञों के माध्यम से नि:शुल्क इलाज और ऑपरेशन कराया जाएगा। इलाज और ऑपरेशन का सभी खर्च राज्य शासन द्वारा उठाया जाएगा। चौहान ने कहा कि प्रदेश में थेलेसिमिया तथा डायबिटीज से पीड़ित बच्चों के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था भी की जायेगी। इसके लिये शीघ्र ही योजना बनायी जायेगी।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News