Gold Rate: भारत में सामने आए गोल्ड के चौंकाने वाले रेट, अमेरिका में सोने में बड़ी गिरावट! क्या अब खरीदना सही वक्त?
punjabkesari.in Wednesday, Apr 23, 2025 - 10:29 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: 23 अप्रैल 2025 यानी बुधवार को भारतीय बाजार में सोने की कीमतों ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। मंगलवार को पहली बार जब 10 ग्राम सोना एक लाख रुपये से ऊपर गया था, तब लोगों को उम्मीद नहीं थी कि अगले ही दिन यह और ऊंचाई पर पहुंचेगा। लेकिन ऐसा हुआ। बुधवार सुबह सोना 10 ग्राम के लिए ₹1,10,360 पर कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर, अमेरिका में गोल्ड सस्ता हुआ है। वहां सोने की कीमत 1.2% गिरकर 3,340.92 डॉलर प्रति औंस पर आ गई, जबकि यूएस गोल्ड फ्यूचर्स2% गिरकर 3,349.20 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है।
अमेरिका में क्यों सस्ता हुआ सोना?
सोने की अमेरिकी कीमतों में गिरावट का बड़ा कारण है अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के बीच तनाव का थोड़ा कम होना। साथ ही, व्यापार तनाव में थोड़ी नरमी और अमेरिकी डॉलर में मजबूती आने के कारण भी सोने की मांग में गिरावट आई है। कामा ज्वेलर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर कॉलिन शाह के अनुसार, दिसंबर 2024 से अब तक सोना करीब 22,650 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है, यानी लगभग 29% का उछाल आया है।
भारत में 23 अप्रैल को क्या हैं सोने के ताज़ा रेट?
मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में 24 कैरेट गोल्ड का रेट ₹1,01,360 प्रति 10 ग्राम है। दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड ₹1,10,510 प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है, जबकि 22 कैरेट का रेट ₹93,060 है। चेन्नई में चांदी की कीमत ₹1,10,900 प्रति किलो पर पहुंच चुकी है। दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में चांदी ₹1,09,900 प्रति किलो के रेट पर बिक रही है।
बढ़ती कीमतों के पीछे क्या है वजह?
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने की कीमतों में तेजी की एक प्रमुख वजह है भारत में अक्षय तृतीया और शादी-विवाह का सीजन। इसके कारण स्थानीय आभूषण विक्रेताओं और ग्राहकों में खरीददारी की होड़ लग गई है। मंगलवार को ही दिल्ली में गोल्ड की कीमत ₹1,800 प्रति 10 ग्राम की तेजी के साथ एक लाख रुपये पार कर गई थी।
गोल्ड और चांदी में गिरावट कहां?
हालांकि अमेरिका में सोना सस्ता हुआ है, लेकिन भारत में चांदी की कीमत में करीब ₹100 प्रति किलो की गिरावट देखी गई है। यह अब ₹1,09,900 प्रति किलो पर है।