Putin Health: 30 सेकेंड तक लगातार खांसते दिखे पुतिन, गला पकड़ते वीडियो वायरल… क्या रूसी राष्ट्रपति की तबीयत ठीक नहीं?

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 05:58 PM (IST)

Vladimir Putin Health News:  रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin की सेहत को लेकर एक बार फिर अटकलें तेज हो गई हैं। हाल ही में उनके आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में 73 वर्षीय पुतिन लगातार लगभग 30 सेकंड तक खांसते नजर आए। वीडियो में वह गले को पकड़ते और मुंह ढंकते भी दिखाई देते हैं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी तबीयत को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे मामूली खांसी बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स मिनी स्ट्रोक या किसी स्वास्थ्य समस्या की आशंका जता रहे हैं।

 30 सेकंड तक खांसते रहे पुतिन
राष्ट्रपति के आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में पुतिन लगभग 30 सेकंड तक खांसते रहे और बार-बार अपने गले को पकड़ते नजर आए। हालांकि बाद में इस वीडियो को बिना किसी स्पष्टीकरण के हटा दिया गया, लेकिन इसके बिना एडिट किए गए फुटेज ने सोशल मीडिया पर 'मिनी स्ट्रोक' और गंभीर बीमारी की अटकलों को हवा दे दी है। फुटेज में पुतिन खुद यह स्वीकार करते सुने जा सकते हैं कि उनका गला खराब है और वह आज बहुत ज्यादा बोल रहे हैं, जिसके कारण उन्हें रिकॉर्डिंग बार-बार रोकनी पड़ी।

पुतिन की शारीरिक स्थिति को लेकर यह संशय नया नहीं है, बल्कि पिछले कुछ समय से उनकी 'हेल्थ हिस्ट्री' को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए जाते रहे हैं। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान उन्हें अपने आधिकारिक विमान 'फ्लाइंग क्रेमलिन' की सीढ़ियों से उतरते समय स्पष्ट रूप से लंगड़ाते हुए देखा गया था। 

इसके अलावा, नवंबर 2025 के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उनके हाथों पर उभरी हुई नसें और काले धब्बे भी चर्चा का विषय बने थे, जिन्हें विशेषज्ञ न्यूरोलॉजिकल या सर्कुलेटरी समस्याओं का संकेत मानते हैं। रिपोर्ट्स तो यहां तक दावा करती हैं कि रूस के शीर्ष ऑन्कोलॉजिस्ट (कैंसर विशेषज्ञ) डॉ. येवगेनी सेलिवानोव पुतिन की दर्जनों आधिकारिक यात्राओं में उनके साथ साये की तरह रहते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि इस ताजा वीडियो लीक को कुछ सैन्य विश्लेषक महज एक तकनीकी गलती नहीं, बल्कि क्रेमलिन के भीतर किसी 'इनसाइडर' की सोची-समझी साजिश मान रहे हैं। जानकारों का कहना है कि पुतिन की हमेशा 'युवा और शक्तिशाली' दिखने वाली छवि को जानबूझकर खंडित करने की कोशिश की जा रही है ताकि उन्हें एक बीमार और वृद्ध नेता के रूप में पेश किया जा सके। 

हालांकि, रूस ने हमेशा की तरह इन सभी खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें 'फेक न्यूज' करार दिया है और दावा किया है कि राष्ट्रपति पूरी तरह स्वस्थ हैं। यूक्रेन युद्ध के बीच पुतिन की सेहत का यह गिरता ग्राफ न केवल रूस के आंतरिक शक्ति संतुलन बल्कि वैश्विक भू-राजनीति के लिए भी एक बड़ा सवाल बन गया है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News