ट्रंप भी करें मोदी जैसा ये काम तो हो जाए अमरीका का बेड़ा पार !

punjabkesari.in Saturday, Apr 08, 2017 - 04:12 PM (IST)

वॉशिंगटनः अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के कारण अमरीका के लोगों की जेब खाली हो रही है। राष्ट्रपति बनने के बाद से ट्रंप ने अब तक अमरीका के खजाने को खाली करने का काम किया है। अपनी रंगीन मिजाजी के लिए मशहूर ट्रंप की छुट्टियों की कीमत अमरीका की जनता को चुकानी पड़ रही है। इसी के कारण अब अमरीका में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवन शैली की चर्चा हो रही है। वो किस तरह से साधारण जीवन जीते हैं और एक भी छुट्टी नहीं लेते हैं। बता दें कि ट्रंप फिलहाल फ्लोरिडा में एक रिसॉर्ट में रुके हुए हैं।

वो चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के लिए फ्लोरिडा आए हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद से अब तक ट्रंप  कई बार फ्लोरिडा आ चुके हैं। फ्लोरिडा की यात्राएं अमरीकी खजाने को महंगी पड़ रही हैं। अब तक डोनल्ड ट्रंप की फ्लोरिडा यात्राओं पर करीब 1 अरब 54 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। अगर ट्रंप के पूर्ववर्ती बराक ओबामा से इसका तुलना करें तो तो ओबामा ने अपने कार्यकाल के पहले दो साल में आधिकारिक यात्राओं पर जितना खर्च किया था, उसके बराबर का खर्च तो ट्रंप ने अढ़ाई महीने में ही कर दिया है। केवल ट्रंप ही नहीं बल्कि उनके परिवार के कारण भी अमरीका की सरकार को काफी ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। 

आपको बता दें कि राष्ट्रपति बनने के बाद से अब तक ट्रंप 7 बार फ्लोरिडा जा चुके हैं। वो अक्सर अपना वीकेंड फ्लोरिडा में मनाते हैं। अगर अनुमान लगाया जाए तो ट्रंप  की हर फ्लोरिडा यात्रा पर लगभग 19 करोड़ की रकम खर्च होती है। ट्रंप  राष्ट्रपति हैं लिहाजा उनकी सुरक्षा और लंबे चौड़े काफिले पर भी भारी भरकम रकम खर्च होती है।
डोनल्ड ट्रंप के अलग दो बार राष्ट्रपति रहे ओबामा के 8 सालों के कार्यकाल में कुल यात्राओं का कर्च 6 अरब 22 करोड़ रुपए आया था। इस तरह से औसतन ओबामा की यात्राओं पर हर साल 77 करोड़ रुपए खर्च हुए।

दूसरी तरफ राष्ट्रपति बनने के एक महीने के अंदर ही ट्रंप ने इस रकम की बराबरी कर ली। इसके साथ ही ट्रंप  अब तक तीन बार गोल्फ खेलने के लिए भी छुट्टी पर जा चुके हैं। इन तीनों छुट्टियों को मिलाकर अमरीका के सरकारी खजाने से लगभग 64 करोड़ की रकम खर्च हो चुकी है।ट्रंप  के साथ उनकी पत्नी और बच्चे के ऊपर भी काफी खर्च आ रहा है। बता दें कि ट्रंप की पत्नी मेलेनिया और उनका बेटा न्यूयॉर्क के ट्रंप  टावर में ही रहते हैं। उन दोनों की सुरक्षा में भी हर महीने काफी ज्यादा खर्च आता है। ट्रंप  की पत्नी के ऊपर हो रहे खर्च को देखते हुए कुछ दिन पहले एक ऑनलाइन याचिका डाली गई थी।

जिसमें कहा गया था कि या तो मेलेनिया अपने पति के साथ व्हाइट हाउस में रहें या फिर उन पर होने वाले कर्च को कम किया जाए। इन सारे कारणों से अमरीका में नरेंद्र मोदी की जीवन शैली की गूंज है। ट्रंप  की छुट्टियों से परेशान अमरीकी मानते हैं कि नरेंद्र मोदी की तरह ही ट्रंप को बिना छुट्टी लिए काम करना चाहिए।  जिस तरह से नरेंद्र मोदी बिना छुट्टियों के साधारण जीवन जीते हैं उसी तरह से ट्रंप को भी रहना चाहिए। लेकिनट्रंप उसके ठीक विपरीत आलीशान जीवन जीने के आदी रहे हैं। बहरहाल अब देखना है कि क्या ट्रंप  अपनी आदत को सुधारते हैं या फिर वो अमरीकी जनता की टैक्स की रकम से इसी तरह अपनी छुटिटियां मनाते रहेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News