उड़ान भरते ही आग के गोले में तब्दील हुआ US एयरफोर्स का शक्तिशाली B-52 बॉम्बर; 8 क्रू मेंबर्स के मारे जाने की आशंका

punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 05:54 AM (IST)

कैलिफोर्निया/वॉशिंगटन: दुनिया की सबसे शक्तिशाली वायुसेना कही जाने वाली अमेरिकी एयरफोर्स के लिए सोमवार का दिन किसी काल से कम साबित नहीं हुआ। कैलिफोर्निया के मोजावे रेगिस्तान (Mojave Desert) में स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अमेरिकी सेना का गौरव माना जाने वाला B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस (Stratofortress) बमवर्षक विमान क्रैश होकर जमींदोज हो गया। इस भीषण हादसे में चालक दल के 8 सदस्यों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जिसने पूरे अमेरिका में शोक की लहर दौड़ दी है।

धुएं के गुबार में बदला 'विशालकाय शिकारी'
हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि इसे देखकर हर किसी की रूह कांप गई। स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 11:20 बजे जैसे ही विमान ने उड़ान भरी, वह अचानक आग के गोले में तब्दील होकर एयरफील्ड पर ही गिर पड़ा। हवाई फुटेज में देखा जा सकता है कि दुर्घटनास्थल पर फुटबॉल के मैदान जितना बड़ा इलाका जलकर काला पड़ चुका है और वहां से अब भी धुएं का गुबार उठ रहा है। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे एयरफील्ड को सील कर दिया है और बाहरी विमानों का रास्ता बदल दिया गया है।

BREAKING: A U.S. Air Force B-52 bomber crashed shortly after takeoff at Edwards Air Force Base, triggering an emergency response.

Emergency crews rushed to the scene as thick black smoke billowed from the wreckage scattered across the desert airfield.

More details, including… pic.twitter.com/JRx3R4ElJW — Fox News (@FoxNews) June 15, 2026

परमाणु हमला करने में सक्षम था विमान
B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस कोई साधारण विमान नहीं, बल्कि दशकों से अमेरिकी सैन्य ताकत की रीढ़ रहा है। बोइंग द्वारा निर्मित यह विशालकाय बॉम्बर 50,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भरने और अपने साथ परमाणु हथियारों सहित घातक बमों को ले जाने में सक्षम है। यह रणनीतिक हमले से लेकर समुद्री ऑपरेशनों तक में अमेरिका का सबसे बड़ा हथियार माना जाता है।

10 साल बाद फिर दहला अमेरिका
सैन्य विशेषज्ञों के अनुसार, B-52 बॉम्बर के साथ यह इस दशक का सबसे बड़ा हादसा है। इससे पहले मई 2016 में गुआम में इसी तरह का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, हालांकि तब खुशकिस्मती से सभी 7 क्रू मेंबर बच गए थे। लेकिन इस बार कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। फिलहाल हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और इलाके को सुरक्षित करने के बाद ही कारणों का खुलासा हो पाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News