'पूरे ईरान को एक रात में खत्म कर सकते हैं, वो रात कल भी हो सकती है', ट्रंप की बड़ी चेतावनी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 12:52 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर से धमकी देते हुए कहा है कि पूरे देश को एक ही रात में तबाह किया जा सकता है और "वह रात कल हो सकती है"। ट्रंप ने ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों को नष्ट करने की धमकी देते हुए यह भी कहा कि उन्हें युद्ध अपराधों की 'कतई' चिंता नहीं है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि अगर तेहरान मंगलवार को रात आठ बजे तक आत्मसमर्पण नहीं करता है तो ईरान के असैन्य बुनियादी ढांचे पर हमले किए जाएंगे। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा, ''आज सबसे अधिक हमले होंगे और कल, आज से भी अधिक हमले किए जाएंगे।''

इससे पहले ईरान ने 45 दिन के युद्धविराम के प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि वह युद्ध का स्थायी अंत चाहता है। ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'व्हाइट हाउस' में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, ''पूरे देश पर एक ही रात में कब्जा किया जा सकता है और वह रात कल हो सकती है।'' उन्होंने कहा कि समझौता करने के लिए ईरान को दी गई मंगलवार रात आठ बजे की समयसीमा अंतिम है। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह या तो निर्धारित समयसीमा के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य खोले या बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले का सामना करने के लिए तैयार रहे। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' ने बताया कि ईरान ने समझौते के बारे में पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को अपना जवाब दे दिया है। काहिरा स्थित ईरानी राजनयिक मिशन के प्रमुख मुज्तबा फरदौसी पोर ने सोमवार को 'एसोसिएटेड प्रेस' से कहा, "हम केवल युद्धविराम स्वीकार नहीं करेंगे। हम युद्ध की समाप्ति तभी स्वीकार करेंगे जब हमें यह गारंटी दी जाए कि हम पर दोबारा हमला नहीं किया जाएगा।"

फरदौसी पोर ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी और ओमानी अधिकारी जहाजरानी के इस महत्वपूर्ण मार्ग के प्रशासन हेतु एक तंत्र विकसित करने पर काम कर रहे हैं। ईरान द्वारा युद्धविराम प्रस्ताव खारिज किए जाने से पहले इजराइल ने सोमवार को ईरान के विशाल 'साउथ पार्स' प्राकृतिक गैस क्षेत्र में स्थित अहम पेट्रो-संयंत्र पर हमला किया। इजराइली हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक शीर्ष कमांडर की मौत हो गई। इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने इस हमले की पुष्टि की। उन्होंने इसे ''ईरान के सबसे बड़े पेट्रो-रसायन प्रतिष्ठान पर एक भीषण हमला'' बताया। इस संयंत्र से ईरान का करीब 50 प्रतिशत पेट्रो-रसायन उत्पादन होता है।

इजराइल के सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नादाव शोशानी ने कहा कि बातचीत आगे बढ़ने के बीच ईरान को ''कोई छूट नहीं'' मिलेगी। साउथ पार्स गैस क्षेत्र दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस भंडार है। मार्च में साउथ पार्स पर इजराइल के हमले के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि इज़राइल दोबारा उस पर हमला नहीं करेगा; लेकिन उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान ने कतर के ऊर्जा ढांचे पर हमले जारी रखे, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा और इस पूरे क्षेत्र को ''पूरी तरह से तबाह'' कर देगा। इजराइल और अमेरिका ने सोमवार को ईरान पर कई बड़े हमले किए, जिनमें 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइलें दागीं।

होर्मुज जलडमरुमध्य खोलने के लिए ईरान को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई समयसीमा नजदीक आने के बीच मध्यस्थों ने युद्धविराम का नया प्रस्ताव पेश किया है। तेहरान में धमाकों की गूंज सुनाई दी, और राजधानी पर लगातार हमले होते रहने के कारण घंटों तक नीचे उड़ते जेट विमानों की आवाज़ आती रही। एक हवाई हमले में शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परिसर को निशाना बनाए जाने के बाद शहर के आज़ादी चौक के पास से घना धुआं उठता दिखाई दिया। ईरानी सरकारी मीडिया और इजराइल के रक्षा मंत्री के अनुसार, तेहरान पर हुए हमलों में मारे गए लोगों में ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी भी शामिल हैं। इज़राइल की सेना ने कहा कि उसने ईरानी अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड की खुफिया इकाई 'कुद्स फोर्स' के प्रमुख असगर बाकेरी को भी मार गिराया है। वहीं, ईरानी मिसाइलों ने उत्तरी इजराइल के शहर हाइफा को निशाना बनाया, जहां एक रिहायशी इमारत के मलबे से चार लोगों के शव बरामद किए गए।

अधिकारियों के मुताबिक, तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में इस्लामशहर के पास हुए हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई। वहीं कोम के एक रिहायशी इलाके पर हुए हमले में पांच लोग मारे गए, जबकि अन्य शहरों में हुए हमलों में छह और लोगों की मौत हुई। इसके अलावा, तेहरान में एक घर पर हुए हवाई हमले में तीन और लोगों की मौत हो गई। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने इसकी पुष्टि की। खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ता हुआ दिखा, जहां कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब ने ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को रोकने के लिए अपनी हवाई सुरक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी। ऊर्जा ठिकानों पर ईरान के लगातार हमलों और होर्मुज जलडमरुमध्य पर नियंत्रण के कारण वैश्विक तेल कीमतों में तेज उछाल आया है।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड तेल की कीमत सोमवार सुबह शुरुआती कारोबार में बढ़कर 109 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जो युद्ध शुरू होने के समय की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक है। घरेलू दबाव के बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि समयसीमा के अंदर जलडमरूमध्य नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों और अन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाएगा और देश को "पाषाण काल" में पहुंचा देगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, "मंगलवार पावर प्लांट डे और ब्रिज डे होगा।" युद्ध रोकने के प्रयास के तहत मध्यस्थ देशों मिस्र, पाकिस्तान और तुर्किये ने ईरान और अमेरिका को एक प्रस्ताव भेजा, जिसे फिलहाल तेहरान ने मानने से इनकार कर दिया है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News