Strom Alert: अगले 24 घंटों के अंदर 215 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रहा ''सुपर तूफान'' खाली कराए गए कई गांव, मौसम विभाग की चेतावनी
punjabkesari.in Tuesday, Sep 23, 2025 - 12:12 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: अगले 24 घंटों के भीतर एक प्रचंड तूफान के उत्पात मचाने की संभावना जताई जा रही है, जो हवा की गति 215 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक होगी। इसके चलते समुद्र में लहरें लगभग 10 फीट ऊंची उठेंगी, जिससे व्यापक तबाही का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने को कहा है। इस खबर के बाद ग्रामीण इलाके खाली होते जा रहे हैं और हजारों लोग अपने घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
यह 'सुपर तूफान' फिलीपींस में इस साल के सबसे शक्तिशाली तूफानों में से एक माना जा रहा है, जिसका नाम 'रागासा' रखा गया है। यह तूफान तेजी से दक्षिण-पूर्वी चीन की ओर बढ़ रहा है। बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए, उत्तरी फिलीपींस के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। पड़ोसी ताइवान में भी सुरक्षा के मद्देनजर सभी स्कूल और कार्यालय बंद कर दिए गए हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, रागासा तूफान की हवा की रफ्तार 215 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, और यह तट पर पहुंचने के बाद 265 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हो सकती है। इस तूफान के सोमवार दोपहर या रात के समय कागायन के बाबुयान द्वीपों के आसपास से गुजरने या सीधे टकराने की संभावना है।
फिलीपींस की मौसम एजेंसी ने समुद्री इलाकों में खतरनाक लहरों के बारे में भी आगाह किया है। अगले 24 घंटों में उत्तरी प्रांतों जैसे कागायन, बाटानेस, इलोकोस नॉर्टे और इलोकोस सुर के खुले और तटीय क्षेत्रों में तीन मीटर से अधिक ऊंची तूफानी लहरें उठने की संभावना है। कागायन द्वीपों और अपायाओ में बिजली आपूर्ति बाधित हो चुकी है, लेकिन अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने राजधानी समेत उत्तर लूजोन के 29 प्रांतों में सरकारी कामकाज और शैक्षणिक संस्थान बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
8,200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि कागायन प्रांत में 8,200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि अपायाओ में 1,220 लोगों को शेल्टर होम में रखा गया है। बाढ़ और भूस्खलन के खतरे के मद्देनजर यह कदम उठाए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, और समुद्री जहाजों को बंदरगाह छोड़ने की अनुमति नहीं है।
इस तूफान को इस वर्ष फिलीपींस में दर्ज 14वीं प्राकृतिक आपदा माना जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह तूफान कम से कम बुधवार तक दक्षिणी चीन सागर में सक्रिय रहेगा और फिर ताइवान और हांगकांग के दक्षिणी इलाकों से होते हुए चीनी मुख्यभूमि तक पहुंचेगा।
हांगकांग और मकाऊ में भी तूफान की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोग अतिरिक्त भोजन और आपातकालीन सामग्री जमा करने लगे हैं। हांगकांग सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में रेत के बोरे दोगुनी मात्रा में उपलब्ध कराए हैं। मकाऊ पुलिस ने निवासियों से सुरक्षा के लिए तैयार रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने कहा है कि लोग अपने दरवाजे और खिड़कियों को मजबूत करें और जो लोग भूमिगत इलाकों में रहते हैं, वे तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।