Pakistan: आंतकियों ने पुलिस वाहन व एंबुलेंस को बनाया निशाना, DSP समेत 9 सुरक्षाकर्मियों की मौत
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 07:08 PM (IST)
Peshawar: पाकिस्तान में 2022 में टीटीपी के साथ युद्धविराम टूटने के बाद आतंकी हिंसा लगातार बढ़ रही है। खैबर पख्तूनख्वा में आतंकियों ने पहले पुलिस वाहन पर घात लगाकर हमला किया, फिर घायलों को ले जा रही एंबुलेंस को निशाना बनाया। दोनों हमलों में DSP सहित 9 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में आतंकियों ने अदालत ले जाए जा रहे आरोपियों से भरे पुलिस वाहन को निशाना बनाया। Dawn की रिपोर्ट के अनुसार वाहन में दो आरोपियों को कोर्ट पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। हमले में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP), एक इंस्पेक्टर और चार कांस्टेबल मारे गए। एक आरोपी की भी मौत हो गई। हमलावरों ने घटना के बाद वाहन में आग लगा दी। यह हमला बेहद सुनियोजित बताया जा रहा है।
घायलों को ले जा रही एंबुलेंस पर भी वार
अगले ही दिन करक जिले के बदरखेल इलाके में घायलों को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस पर हमला कर दिया गया। Geo News के मुताबिक इससे पहले डर्गाह शहीदान क्षेत्र में FC पोस्ट पर क्वाडकॉप्टर (ड्रोन) हमला हुआ था। पांच FC जवान घायल हुए थे। अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस पर हमला हुआ, जिसमें तीन FC कर्मी मारे गए व दो बचावकर्मी घायल हुए। हमले के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।
16 फरवरी को बाजौर जिले में संयुक्त चेकपोस्ट पर आत्मघाती कार बम विस्फोट में 11 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। इसकी पुष्टि पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा Inter-Services Public Relations (ISPR) ने की थी। विश्लेषकों का कहना है कि 2022 में Tehreek-e-Taliban Pakistan (TTP) के साथ युद्धविराम समाप्त होने के बाद से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकवादी हमले लगातार बढ़े हैं।
