पाकिस्तान में 459 रुपए लीटर पेट्रोल मिलने पर बवाल ! प्रदर्शनों के बाद सरकार ने घटाए दाम, जानें कितना है अब रेट ?

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 12:20 PM (IST)

Islamabad: पाकिस्तान (Pakistan) में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ा हंगामा देखने को मिला। पहले सरकार ने अचानक कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी, जिसके बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। जनता के दबाव के बाद Shehbaz Sharif सरकार को तुरंत अपना फैसला बदलना पड़ा। सरकार ने पेट्रोल पर 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती का ऐलान किया है। इससे पहले पेट्रोल की कीमत करीब 458.40 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई थी, जो अब घटकर लगभग 378 रुपये प्रति लीटर हो गई है। हालांकि डीजल की कीमत अभी भी काफी ज्यादा है और करीब 520.35 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है।

 

यह फैसला उस समय आया जब एक दिन पहले ही पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में 43% से 55% तक की भारी बढ़ोतरी की गई थी। अचानक बढ़े दामों से आम जनता परेशान हो गई और सड़कों पर उतरकर विरोध करने लगी। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव की वजह से तेल की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन सरकार जनता को राहत देने की पूरी कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि कम से कम एक महीने तक पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

 

सरकार ने कमजोर वर्गों के लिए कुछ राहत उपाय भी घोषित किए हैं। इसमें मोटरसाइकिल चलाने वालों के लिए 100 रुपये प्रति लीटर सब्सिडी, माल ढोने वाले वाहनों के लिए 70,000 से 80,000 रुपये और यात्री वाहनों के लिए 1 लाख रुपये तक की मदद शामिल है। कुल मिलाकर, पाकिस्तान में तेल संकट और महंगाई ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, और जनता का गुस्सा अब भी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News