बैसाखी उत्सव के लिए 2,700 भारतीय सिख श्रद्धालु पाकिस्तान के लिए रवाना
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 11:07 PM (IST)
नेशनल डेस्क : पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित गुरुद्वारा पंजा साहिब में खालसा साजना दिवस (बैसाखी) के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह में भाग लेने के लिए भारत से करीब 2,700 सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था शुक्रवार को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पड़ोसी देश पहुंचा। इन 2,700 श्रद्धालुओं की यात्रा की व्यवस्था तीन सिख संस्थाओं - शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) अमृतसर, हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एचजीपीसी) और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन बोर्ड (डीएसजीएमबी) - द्वारा की गई और इनमें से 1965 तीर्थयात्रियों को एसजीपीसी अमृतसर ने प्रायोजित किया।
श्रद्धालुओ के जत्थे ने अटारी सीमा स्थित संयुक्त जांच चौकी के जरिये पाकिस्तान में प्रवेश किया। एसजीपीसी के एक अधिकारी ने बताया कि जत्था हसन अब्दाल स्थित गुरुद्वारा पंजा साहिब में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हो गया है। उन्होंने बताया कि अटारी सीमा पर श्रद्धालुओं के लिए 'लंगर' की व्यवस्था की गई थी।
वहीं, लाहौर में इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) के प्रवक्ता गुलाम मुह्युद्दीन ने 'पीटीआई' को बताया कि आज बैसाखी समारोहों में शामिल होने के लिए भारत से 2,238 सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान पहुंचे। पाकिस्तान पंजाब के अल्पसंख्यक मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा और 'इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड' (ईटीपीबी) के अतिरिक्त सचिव (श्राइन) नासिर मुश्ताक ने वाघा सीमा पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
पाकिस्तान ने 14 अप्रैल को होने वाले बैसाखी मेले के लिए भारत के सिख श्रद्धालुओं के लिए 2,800 वीजा जारी किए थे। मुख्य समारोह 14 अप्रैल को लाहौर से लगभग 400 किलोमीटर दूर हसन अब्दाल स्थित गुरुद्वारा पंजा साहिब में आयोजित किया जाएगा। पाकिस्तान में वार्षिक बैसाखी मेले में भाग लेने के अलावा, भारत से आए सिख श्रद्धालु गुरुद्वारा जन्म स्थान ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब भी जाएंगे।
