VIDEO में देखें फिल्मी स्टाईल में हाईवे पर पुलिस-चोर का हाईवोल्टेज सीन, डिवाइडर से भयंकर एक्सीडेंट... आरोपी ने कार के अंदर खुद को मारी गोली
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 12:50 PM (IST)
California Car Chase: दक्षिणी कैलिफोर्निया के इनलैंड एम्पायर इलाके में बुधवार दोपहर एक फिल्मी अंदाज में शुरू हुई पुलिस लुका-छिपी का अंत बेहद दर्दनाक रहा। ग्रैंड थेफ्ट (बड़ी चोरी) के एक आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए लगभग एक घंटे तक सड़कों पर कार दौड़ाई और अंत में एक दीवार से टकराने के बाद खुद को गोली मार ली।
चोरी के शक से शुरू हुआ पीछा
घटना दोपहर लगभग 2:00 बजे शुरू हुई जब रिवरसाइड काउंटी शेरिफ विभाग के डिप्टी अधिकारियों ने 'पैच रेंच रोड' के पास एक संदिग्ध कैडिलैक कार देखी। यह व्यक्ति चोरी के मामले में वांछित था। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी।

NEW: Suspect crashes head-on into a concrete wall behind a home after deputies attempted a grappler device, narrowly missing an innocent bystander
— Unlimited L's (@unlimited_ls) April 9, 2026
A driver in a Cadillac led deputies on a chase across Riverside and San Bernardino counties for nearly an hour
The pursuit ended in… pic.twitter.com/D0S7GbepFf
फ्री-वे पर हाई-स्पीड ड्रामा
आरोपी ने अपनी कार 10 और 15 नंबर के फ्री-वे पर दौड़ानी शुरू कर दी। पीछा करने के दौरान पुलिस को खबर मिली कि संदिग्ध के पास हथियार (हैंडगन) भी है। करीब एक घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान जुरुपा वैली हाई स्कूल के पास एक मोड़ पर पुलिस ने उसे घेर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया।

ग्रैपलर डिवाइस और भयानक टक्कर
काफी देर तक चले गतिरोध (स्टैंडऑफ) के बाद, आरोपी ने दोबारा भागने की कोशिश की और पुलिस की 'स्पाइक स्ट्रिप' (कीलों की पट्टी) के ऊपर से कार निकाल दी। पुलिस ने कार रोकने के लिए 'ग्रैपलर' (टायर फंसाने वाला उपकरण) का इस्तेमाल किया, लेकिन वह कार में नहीं फंसा। इसी आपाधापी में आरोपी ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे एक घर की कंक्रीट की दीवार से जा टकराई। दीवार के पीछे मौजूद एक शख्स ने भागकर अपनी जान बचाई। उसने बताया, "कार इतनी तेज थी कि मुझे लगा आज मैं नहीं बचूँगा। धमाके की आवाज के साथ चारों तरफ मलबा उड़ रहा था।"
तीन घंटे का सस्पेंस और मौत
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने दो बख्तरबंद गाड़ियों से उसे घेर लिया। ड्रोन की मदद से कार के अंदर देखा गया। पुलिस के बार-बार सरेंडर करने के आदेश के बावजूद आरोपी बाहर नहीं निकला।

शाम करीब 5:00 बजे पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और कार का पिछला शीशा तोड़ दिया। जब 5:45 बजे अधिकारी कार के पास पहुँचे और दरवाजा खोला, तो आरोपी मृत पाया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि उसने खुद को गोली मार ली थी।
