प्रदर्शन में शामिल 33 आरोपियों को मुकदमे के लिए सेना को सौंपा गया: पाकिस्तान के गृह मंत्री सनाउल्लाह

punjabkesari.in Saturday, May 27, 2023 - 11:50 AM (IST)

इस्लामाबाद, 26 मई (भाषा) पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद नौ मई को रक्षा प्रतिष्ठानों पर हमलों में संलिप्तता को लेकर सैन्य अदालतों में मुकदमा चलाने के लिये अब तक केवल 33 आरोपियों को अधिकारियों को सौंपा गया है।

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के हजारों समर्थकों ने कथित भ्रष्टाचार के मामले में इस्लामाबाद उच्च न्यायालय परिसर से पार्टी प्रमुख खान को गिरफ्तार किए जाने के बाद सैन्य और असैन्य भवनों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी थी, जिसके बाद हिंसा में लिप्त लोगों को गिरफ्तार करने और दंडित करने के लिए कार्रवाई शुरू की गई। स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय अधिकार समूहों की आलोचना के बीच पाकिस्तान ने सैन्य और नागरिक कानूनों के तहत हिंसा में शामिल लोगों पर मुकदमा चलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

सनाउल्लाह ने सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने के लिए कड़े सैन्य नियमों के तहत गिरफ्तार किए गए और सेना को सौंपे गए लोगों की संख्या के बारे में विवरण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि अब तक केवल 19 आरोपियों को पंजाब में सैन्य अदालतों या सैन्य अधिकारियों को और खैबर पख्तूनख्वा में 14 लोगों को सौंपा गया है।

मंत्री ने कहा कि पुलिस ने विभिन्न थानों में 499 प्राथमिकी दर्ज की हैं, और उनमें से केवल छह पर सैन्य अदालतों में मुकदमा चलाया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन ऐसा माहौल बनाया जा रहा है जैसे सब पर सैन्य अदालतों में मुकदमा चलाया जा रहा हो।’’ सनाउल्लाह ने कहा कि केवल सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले में शामिल लोगों पर ही सैन्य कानूनों के तहत मुकदमा चलेगा और किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि अन्य कानूनों के तहत दर्ज मामलों में 5,536 लोगों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन लगभग 80 प्रतिशत पहले ही जमानत पर रिहा हो चुके हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News