पश्चिमी चीन में अचानक आई बाढ़ से 16 लोगों की मौत, 36 लापता

punjabkesari.in Friday, Aug 19, 2022 - 10:00 AM (IST)

बीजिंग, 18 अगस्त (भाषा) चीन के उत्तर-पश्चिमी किंघाई प्रांत में अचानक आई बाढ़ से 16 लोगों की मौत हो गई तथा 36 लोग लापता हो गए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

चीन के सरकारी जनसंपर्क विभाग के मुताबिक बुधवार रात करीब 10 बजकर 25 मिनट पर शुरू हुई भारी बारिश के कारण दातोंग हुई और तू स्वायत्त शहर में अचानक बाढ़ आ गई। भारी बारिश के कारण इन इलाकों में भूस्खलन की कई घटनाएं होने के अलावा नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है।

बाढ़ के कारण छह गांवों में कुल 6,245 लोग प्रभावित हुए हैं। दातोंग कस्बे में अचानक हुई भारी बारिश के कारण यह बाढ़ आई।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर में स्थानीय आपातालीन प्रबंधन विभाग के हवाले से कहा गया है कि प्रांत में स्थानीय अधिकारियों ने बृहस्पतिवार सुबह द्वितीय स्तर की आपात प्रतिक्रिया के तहत कदम उठाए हैं।

चीन में चार स्तरीय आपदा नियंत्रण आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली में द्वितीय स्तर की आपात-प्रतिक्रिया दूसरी सबसे गंभीर प्रतिक्रिया है।

बाढ़ के बाद राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 160 से अधिक वाहनों के साथ सशस्त्र पुलिस, सार्वजनिक सुरक्षा, आपातकालीन और स्वास्थ्य विभागों के 2,000 से अधिक लोगों को घटनास्थल पर भेजा गया है।

चीन मौजूदा समय में कई प्रकार की मौसम की चरम स्थितियों का सामना कर रहा है। इसके कुछ क्षेत्र रिकॉर्ड गर्मी और गंभीर सूखे की चपेट में हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News