फ्राइड चिकन में निकली ऐसी शर्मनाक चीज, कपल ने रेस्टोरेंट Popeyes पर ठोका 13 करोड़ का मुकद्दमा

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 07:30 PM (IST)

New York: अमेरिका के ह्यूस्टन में फ्राइड चिकन को लेकर एक बेहद अजीब मामला सामने आया है। एक कपल ने दावा किया है कि उन्हें Popeyes के फ्राइड चिकन के अंदर कंडोम जैसी दिखने वाली एक संदिग्ध चीज मिली। कपल का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर रेस्टोरेंट पहुंचे तो कर्मचारियों ने उनकी बात को गंभीरता से लेने के बजाय कथित तौर पर हंसी-मजाक किया। इसके बाद दोनों ने Popeyes और उसकी पैरेंट कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर कर 1.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 12-13 करोड़ रुपये से ज्यादा मुआवजे की मांग की है।

 


रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिन हावर्ड और डेनियल मैकिनॉन नाम के कपल ने 25 जुलाई 2026 को ह्यूस्टन स्थित Popeyes के एक आउटलेट से फ्राइड चिकन खरीदा था। शुरुआत में चिकन सामान्य दिखाई दे रहा था। लेकिन चिकन खाते समय जस्टिन हावर्ड को एक पीस के अंदर कुछ अजीब चीज नजर आई। कपल का दावा है कि वह चीज कंडोम जैसी दिखाई दे रही थी और चिकन के अंदर फंसी हुई थी। इसे देखकर दोनों घबरा गए और उन्होंने खाना बंद कर दिया। कपल ने आशंका जताई कि अगर वह चीज खाने के दौरान शरीर के अंदर चली जाती तो स्वास्थ्य को नुकसान हो सकता था।
 

कपल का आरोप है कि घटना के बाद वे उसी Popeyes आउटलेट में शिकायत लेकर पहुंचे। उनका कहना है कि कर्मचारियों ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय कथित तौर पर उनका मजाक उड़ाया और हंसने लगे। कपल के मुताबिक, मैनेजमेंट ने मामले की तुरंत जांच करने के बजाय उन्हें चिकन बदलकर देने की कोशिश की। काफी बातचीत के बाद उन्हें पैसे वापस किए गए। कपल का दावा है कि खाने में संदिग्ध चीज मिलने के बाद जिस तरह उनकी शिकायत को कथित तौर पर लिया गया, उससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।

 

Popeyes और पैरेंट कंपनी के खिलाफ केस
इसके बाद कपल ने Popeyes और उसकी पैरेंट कंपनी Restaurants Brands International के खिलाफ अदालत का रुख किया। मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने खाने की सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़े जरूरी नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया। कपल ने रेस्टोरेंट में साफ-सफाई, कर्मचारियों की हाइजीन, खाना तैयार करने की प्रक्रिया, क्वालिटी कंट्रोल और कर्मचारियों की निगरानी में लापरवाही के आरोप लगाए हैं।  कपल ने मुकदमे में 1.5 मिलियन डॉलर से ज्यादा, यानी करीब 12-13 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। 

 

उनका कहना है कि इस घटना के कारण उन्हें शारीरिक परेशानी के साथ मानसिक तनाव और डर का भी सामना करना पड़ा। मुआवजे की मांग में मेडिकल और हेल्थकेयर खर्च, शारीरिक तकलीफ, मानसिक परेशानी, काम से हुए नुकसान और अन्य खर्च शामिल किए गए हैं।  रिपोर्ट लिखने तक Popeyes और Restaurants Brands International की ओर से इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक जवाब सामने नहीं आया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News