eBay ने पत्रकार दंपत्ति को डराया-धमकाया; जिंदा कॉकरोच व खून से सने Pig मास्क भेजे, अब देना पड़ेगा करोड़ों का मुआवजा

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 05:03 PM (IST)

Washington: अमेरिका की ई-कॉमर्स कंपनी eBay से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कंपनी और उसके तीन पूर्व शीर्ष अधिकारियों ने पत्रकार दंपत्ति डेविड और इना स्टाइनर से जुड़े मुकदमे को खत्म करने के लिए कुल 55.7 मिलियन डॉलर यानी करीब ₹470 करोड़ के समझौते पर सहमति जताई है। स्टाइनर दंपत्ति EcommerceBytes नाम का न्यूजलेटर चलाते हैं, जिसमें eBay से जुड़ी खबरें और कंपनी की आलोचनात्मक रिपोर्टिंग प्रकाशित होती थी। आरोप है कि 2019 में उनकी रिपोर्टिंग को रोकने के लिए eBay के कुछ कर्मचारियों ने उनके खिलाफ डराने-धमकाने और निगरानी का अभियान चलाया। अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेजों के मुताबिक, स्टाइनर दंपत्ति के घर जिंदा कॉकरोच भेजे गए थे। इसके अलावा उन्हें मक्खियों के लार्वा, अंतिम संस्कार की माला और खून से सना हुआ सुअर के आकार का हैलोवीन मास्क भी भेजा गया था।

 

मामला यहीं नहीं रुका। अधिकारियों ने स्टाइनर दंपत्ति पर नजर रखने और उनकी कार में GPS ट्रैकिंग डिवाइस लगाने की योजना भी बनाई थी। जांच के अनुसार, कुछ कर्मचारी कैलिफोर्निया से मैसाचुसेट्स तक जाकर उनकी निगरानी करने की कोशिश में शामिल थे। इस पूरे मामले में eBay के सात पूर्व कर्मचारियों ने दोष स्वीकार किया था और उन्हें जेल की सजा सुनाई गई। कुछ मामलों में सजा करीब 57 महीने तक की थी। अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य स्टाइनर दंपत्ति को डराना और उनकी eBay विरोधी रिपोर्टिंग को रोकना था।अमेरिकी न्याय विभाग के रिकॉर्ड में यह भी दर्ज है कि अगस्त 2019 में स्टाइनर दंपत्ति के घर जिंदा कॉकरोच भेजने का आदेश दिया गया था।

 

eBay ने मानी गलती
नए समझौते के तहत eBay 46.15 मिलियन डॉलर सीधे डेविड और इना स्टाइनर को देगा। इसके अलावा करीब 6 मिलियन डॉलर गैर-लाभकारी संस्थाओं को दिए जाएंगे। कंपनी को अपने पूर्व अधिकारियों के आचरण की सार्वजनिक रूप से निंदा भी करनी होगी। पूर्व CEO डेविन वेनिग भी समझौते के तहत स्टाइनर दंपत्ति को 2 मिलियन डॉलर देंगे और इना स्टाइनर के नाम पर फर्स्ट अमेंडमेंट अधिकारों की रक्षा करने वाली संस्था को 1 मिलियन डॉलर का दान करेंगे। eBay ने बयान जारी कर कहा कि स्टाइनर दंपत्ति के साथ जो कुछ हुआ वह गलत और निंदनीय था और ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था। कंपनी ने दोनों से माफी भी मांगी है।

 

पहले भी eBay पर लगा था बड़ा जुर्माना
यह पहली बार नहीं है जब eBay को इस मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। 2024 में कंपनी ने अमेरिकी सरकार के साथ एक अलग आपराधिक मामले में 59 मिलियन डॉलर का भुगतान करने पर सहमति जताई थी। उस मामले में कंपनी पर अवैध उत्पादों की बिक्री से जुड़े आरोपों के अलावा स्टाइनर दंपत्ति की निगरानी और उत्पीड़न से जुड़े अपराध भी शामिल थे।

  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News