PM मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से की मुलाकात, ग्लोबल साउथ को रखा आगे
punjabkesari.in Friday, Dec 01, 2023 - 09:36 PM (IST)

दुबईः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां विश्व जलवायु कारर्वाई सम्मेलन से इतर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात की। मोदी ने भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान समर्थन के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव को धन्यवाद दिया। उन्होंने जलवायु लक्ष्यों को प्राप्त करने में भारत की पहल और प्रगति पर प्रकाश डाला।
एंटोनियो ने प्रधानमंत्री की ‘ग्रीन क्रेडिट' पहल का किया स्वागत
दोनों नेताओं ने जलवायु कार्रवाई, जलवायु प्रौद्योगिकी और संयुक्त राष्ट्र सहित बहुपक्षीय मंचों तथा वित्तीय संस्थानों में सुधारों से संबंधित ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं और चिंताओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने जी20 अध्यक्षता के तहत सतत विकास,जलवायु कार्रवाई और आपदा प्रबंधन के क्षेत्रों में भारत के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री की ‘ग्रीन क्रेडिट' पहल का स्वागत किया।
गुटेरस ने भारत की जी20 अध्यक्षता की उपलब्धियों को आगे बढ़ाने और उन्हें संयुक्त राष्ट्र शिखर सम्मेलन 2024 में आगे ले जाने के लिए भारत के साथ काम करने की पुष्टि की।