ईशनिंदा मामलाः पाकिस्तान ने विकिपीडिया को बैन करने की दी धमकी

punjabkesari.in Saturday, Feb 04, 2023 - 01:54 PM (IST)

इस्लामाबादः पाकिस्तान में ईशनिंदा को लेकर सरकार की सख्ती बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान ने विकिपीडिया को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वो अपनी वेबसाइट से ईशनिंदा वाले कंटेंट को नहीं हटाता है तो उस पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। पाकिस्तान टेलीकम्युनिकेशन अथॉरिटी (PTA) ने बुधवार को विकिपीडिया को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। दरअसल  ईशनिंदा  कानून को लेकर पाकिस्तान मानवाधिकार संगठनों के निशाने पर है।   

 

मीडिया रिपोर्ट  के मुताबिक, विडिपीडिया अगर शुक्रवार की देर रात तक ईशनिंदा वाले कंटेंट को नहीं हटाता है तो उस पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। PTA ने बकायदा विकिपीडिया को ईशनिंदा वाले कंटेंट को हटाने के लिए नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा गया कि अगर विकिपीडिया 48 घंटे के अंदर ईशनिंदा वाले कंटेंट को हटाने में विफल रहता है तो उसे ब्लॉक कर दिया जाएगा। विगत में सोशल मीडिया दिग्गज फेसबुक और यूट्यूब को ईशनिंदा वाले कंटेंट के चलते ब्लॉक कर दिया गया था। विकिपीडिया को भी पहले कुछ पेजों पर प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा है।

 

डिजिटल अधिकार कार्यकर्ता उसामा खिलजी ने PTA के इस कदम को असंवैधानिक करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध असंगत, असंवैधानिक और काफी हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों, शिक्षाविदों, स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र, शोधकर्ताओं पर असर पड़ेगा और सेंसरशिप की अनिश्चितता और मनमानी के कारण पाकिस्तान में निवेशकों का विश्वास कम होगा।  बता दें कि पैगंबर मोहम्मद से जुड़ी एक फिल्म को लेकर पाकिस्तान ने 2012 से 2016 तक यूट्यूब को ब्लॉक कर दिया था और हाल के वर्षों में अश्लील कंटेंट परोसने को लेकर वीडियो शेयरिंग ऐप टिकटॉक को कई बार ब्लॉक किया गया है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News