पाकिस्तान बाढ़ Update: 50 लाख लोग पड़ सकते बीमार, 6.5 लाख गर्भवती महिलाएं भी खतरे में

punjabkesari.in Thursday, Sep 01, 2022 - 11:36 AM (IST)

 इस्लामाबादः पाकिस्तान में भीषण बाढ़ ने तबाही मचा रखी है जिससे अब तक करीब 1,136 लोगों की मौत हुई और खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। वहीं, जो इस प्राकृतिक प्रकोप से बच गए हैं, वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।  द न्यूज इंटरनेशनल  के मुताबिक मानसूनी बारिश को लेकर विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान के बाढ़ प्रभावित इलाकों में आने वाले चार से 12 हफ्तों में बच्चों सहित करीब 50 लाख लोग जल और वेक्टर जनित बीमारियों जैसे टाइफाइड और दस्त से बीमार पड़ सकते हैं।

 

स्थिति गंभीर, एक अरब रुपएकी दवाओं की जरूरत
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि स्थिति गंभीर है, सिंध, बलूचिस्तान, दक्षिणी पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों के दस्त, हैजा, आंत या पेट में जलन, टाइफाइड और वेक्टर जनित बीमारियां जैसे डेंगू और मलेरिया की चपेट में आने का खतरा है। उन्होंने कहा कि आकलन है कि इस महामारी से निपटने के लिए शुरुआती तौर पर ही एक अरब रुपये की दवाओं और उपकरणों की जरूरत होगी। पाकिस्तान के प्रतिष्ठित जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ और इस्लामाबाद स्थित हेल्थ सर्विसेज अकादमी के कुलपति डॉ.शहजाद अली के हवाले से अखबार ने लिखा, ‘‘ देशभर में मानसूनी बारिश और बाढ़ से करीब 3.3 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं, अनुमान है कि इनमें से बच्चों सहित करीब 50 लाख लोग जल और वेक्टर जनित बीमारियों की वजह से अगले चार से 12 सप्ताह में बीमार पड़ेंगे।''   
PunjabKesari

महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ लिंग आधारित हिंसा का खतरा बढ़ा
संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी के अनुसार पाकिस्तान के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की कम से कम 6,50,000 गर्भवती महिलाओं को देखभाल की सख्त जरूरत है।   संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) ने यह चेतावनी भी दी कि महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ लिंग आधारित हिंसा (जीबीवी) का खतरा बढ़ गया है। वहीं जून की शुरुआत से बाढ़ से जूझ रहे पाकिस्तान में लगभग दस लाख घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

 

बाढ़ से प्रभावित महिलाओं की हालत दयनीय
यूएनएफपीए के अनुसार 6,50,000 में से 73, 000 से अधिक महिलाओं का अगले महीने प्रसव होने की उम्मीद है। उन्हें मातृत्व स्वास्थ्य देखभाल की सख्त जरूरत है।  यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य पर काम करने वाली एजेंसी यूएनएफपीए ने अभूतपूर्व बाढ़ से प्रभावित महिलाओं की दयनीय तस्वीर पेश की है। ‘डॉन' समाचार पत्र ने संयुक्त राष्ट्र एजेंसी का हवाला देते हुए कहा, “अगले महीने 73,000 महिलाओं के प्रसव की उम्मीद है, उन्हें कुशल जन्म परिचारक, नवजात देखभाल और मदद की आवश्यकता होगी।”  

PunjabKesari

 सिंध में ऐतिहासिक स्थलों व सिंधु घाटी सभ्यता को भारी नुकसान 
 पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सदियों पुरानी सिंधु घाटी सभ्यता के अंतिम बचे अहम स्थलों मोहनजोदड़ो के ‘माउंट ऑफ द डैड' और कोटदीजी को देश में आई अभूतपूर्व बाढ़ से भारी नुकसान पहुंचा है। मीडिया में बुधवार को प्रकाशित खबरों में यह जानकारी दी गई। डॉन अखबार के मुताबिक सिंधु घाटी सभ्यता के कुछ बचे हुए अवशेषों में शामिल मोहनजोदड़ो के ‘माउंट ऑफ द डैड' को नीले रंग के तिरपाल से ढका गया था लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी पानी के रिसाव को रोकने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सिंधु घाटी सभ्यता के सबसे बड़े नगरों में से एक मोहनजोदड़ो की स्थापना करीब 2,500 ईसा पूर्व में की गई थी और यह सिंध प्रांत में स्थित है। इस पुरातत्व स्थल को यूनेस्को ने वर्ष 1980 में विश्व विरासत की सूची में शामिल किया था।  

PunjabKesari

संरा प्रमुख अगले हफ्ते बाढ़ ग्रस्त पाकिस्तान का करेंगे दौरा 
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस बाढ़ प्रभावित पाकिस्तान के लोगों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिये अगले हफ्ते पाकिस्तान का दौरा करेंगे। गुतारेस अपनी पाकिस्तान यात्रा के दौरान यह भी देखेंगे कि अभूतपूर्व बाढ़ से प्रभावित लाखों लोगों को राहत पहुंचाने के सरकार के प्रयासों में मदद के लिये संयुक्त राष्ट्र कैसे काम कर रहा है। नकदी के संकट से जूझ रही पाकिस्तान सरकार के मंगलवार को वैश्विक निकाय से चर्चा के बाद इस दौरे की घोषणा की गई है।  

 

बाढ़ से हुए नुकसान पर PM मोदी ने जताई चिंता, शरीफ दिया धन्यवाद
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने विनाशकारी बाढ़ से हुए भारी नुकसान पर चिंता जताने के लिए बुधवार को अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।  शरीफ ने ट्वीट किया, ‘‘मैं भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाढ़ के कारण हुए मानवीय और भौतिक नुकसान पर शोक जताने के लिए धन्यवाद देता हूं। अपने विशिष्ट गुणों के साथ पाकिस्तान के लोग, इंशाअल्लाह, इस प्राकृतिक आपदा के प्रतिकूल प्रभावों को दूर करेंगे और अपने जीवन तथा समुदायों का पुनर्निर्माण करेंगे।'' प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को कहा था कि वह पाकिस्तान में बाढ़ से हुई तबाही को देखकर दुखी हैं। उन्होंने पड़ोसी देश में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद जताई थी।  

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News