मलेशिया में बस-ट्रक की टक्कर में एक जापानी पर्यटक की मौत, 12 घायल

punjabkesari.in Friday, Oct 25, 2024 - 04:04 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क. मलेशिया में जापानी पर्यटकों को लेकर जा रही एक बस ट्रक से टकरा गई, जिससे एक पर्यटक की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी जापान की एक प्रमुख ट्रैवल एजेंसी 'जेटीबी कॉर्प' ने शुक्रवार को दी।

यह हादसा बृहस्पतिवार को मध्य मलेशिया के पेरक प्रांत में हुआ, जब बस पेनांग से लोकप्रिय पर्यटन स्थल कैमरुन हाईलैंड की ओर जा रही थी, जो अपने चाय बागानों के लिए जाना जाता है। जेटीबी के अध्यक्ष और सीईओ ईजीरो यामाकिता ने टोक्यो में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि हादसे में एक 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

मलेशिया के दमकल एवं बचाव विभाग ने कहा कि बस में जापान के तीन पुरुष और आठ महिलाएं शामिल थीं। सभी वरिष्ठ नागरिक थे। बस चालक और एक स्थानीय टूर गाइड भी बस में मौजूद थे। सभी 13 पीड़ितों को स्ट्रेचर पर बाहर निकाला गया और दुर्घटनास्थल पर प्रारंभिक उपचार के बाद अस्पताल ले जाया गया। यामाकिता ने कहा कि कुछ पीड़ित गंभीर रूप से घायल हुए हैं, लेकिन उनकी वास्तविक स्थिति अभी ज्ञात नहीं हो पाई है। दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है।

दमकल विभाग द्वारा जारी तस्वीरों में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिख रहा है और खिड़की के शीशे टूटे हुए हैं। यामाकिता ने कहा- 'हम इस घटना के लिए गहरा खेद व्यक्त करते हैं और क्षमा मांगते हैं। वह स्थानीय अधिकारियों और मलेशिया में जापान के अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है। उन्होंने यात्रियों और उनके परिवारों की मदद के लिए कुआलालंपुर और टोक्यो से अपने कर्मियों को भेजा है। बस एक स्थानीय टूर ऑपरेटर द्वारा किराए पर ली गई थी और यह जेटीबी के सुरक्षा मानकों के अनुसार थी।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News