चिड़ियाघर में बंदर ने मोबाइल से धड़ाधड़ कर डाली ऑनलाइन शॉपिंग ( Video Viral)
punjabkesari.in Wednesday, Nov 13, 2019 - 12:34 PM (IST)
बीजिंगः एक बंदर ने अपने मालिक के मोबाइल का फायदा उठाते हुए उससे धड़ाधड़ ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली। ये कारनामा उसने तब किया, जब मोबाइल की मालिकन और जू-कीपर बाहर गई हुई थी। हैरान करने वाला ये मामला चीन के एक चिड़ियाघर का है जो 6 नवंबर को सामने आया। चिड़ियाघर में एलवी मेंगमेंग के मोबाइल से चीन की मशहूर ऑनलाइन शॉपिंग साइट ताओबाओ से कई सारी चीजों की शॉपिंग की गई। हालांकि इसके बारे में उन्हें कोई पता नहीं था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मेंगमेंग पूर्वी चीन के जिंगसू प्रांत में येनचेंग में एक चिड़ियाघर में जूकीपर हैं। वह यहां पर बंदरों-लंगूरों की देखभाल करती हैं। उनके अनुसार, पिछले बुधवार को उन्होंने देखा कि लंगूर काफी भूखा है, इसलिए वह पास से उसके लिए खाना लाने चली गईं। इस दौरान वह अपना फोन उसी लंगूर के पास भूल गईं। फोन हाथ लगते ही उस लंगूर ने ये कारनामा कर दिया।
ऐसे पता चली हकीकत
गमेंग जब वापस आईं तो उन्होंने देखा कि उनके फोन में शॉपिंग के कई नोटिफिकेशन आए हुए हैं जिन्हें देखकर वह हैरान रह गई। ये सभी ऑनलाइन शॉपिंग साइट की ओर से थे, इसमें कहा था कि उनके सभी ऑर्डर प्लेस कर दिए गए हैं।ऐसे में मेंगमेंग ने सोचा कि उनके साथ किसी ने मजाक किया है लेकिन उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि हुआ क्या है। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चैक किए। इसमें उन्होंने लंगूर उनका फोन इस्तेमाल करता हुए देखा। इतना ही नहीं वह बार बार स्क्रीन को टच कर रहा था। इसके बाद उन्हें पूरा मामला समझ आ गया।
महंगी चीजों का दिया ऑर्डर
मेंगमेंग ने बताया कि इस लंगूर ने घर की कई महंगी चीजों का ऑर्डर दे दिया लेकिन उन्हें इस बात का अफसोस है कि उन्हें ये शॉपिंग सिंगल्स डे प्राइस से पहले ही करनी पड़ रही है। अगर ऑफर वाले दिन वह ये शॉपिंग करती तो उन्हें ढेर सारा डिस्काउंट मिलता। इस लंगूर को संभालने वाले कहते हैं कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मेंगमेंग के फोन में पासवर्ड नहीं है। ऐसे में जब इसने शॉपिंग की तो इसके लिए किसी अथॉन्टिकेशन की जरूरत नहीं पड़ी। मेंगमेंग कहती हैं कि उन्होंने इस शॉपिंग को कैंसल नहीं किया। बता दें कि चीन में अलीबाबा के स्वामित्व वाली ताओबाओ शॉपिंग साइट काफी पापुलर है। इस साल इस कंपनी ने चीन में 27 खरब रुपए की बिक्री की है।