US Midterm Elections: टेक्सास से आयोवा तक ट्रंप के उम्मीदवारों को झटका, कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स का नियंत्रण

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 03:01 PM (IST)

New York: अमेरिका में मंगलवार को हुए मध्यावधि चुनाव के नतीजों ने देश की राजनीति में बड़ा बदलाव कर दिया है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट के साथ-साथ निचले सदन प्रतिनिधि सभा में भी बहुमत हासिल कर लिया है। इस जीत के साथ ही रिपब्लिकन पार्टी का कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण समाप्त हो गया है। इससे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए अपने राजनीतिक और विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाना मुश्किल हो सकता है।

 

कई रिपब्लिकन गढ़ों में डेमोक्रेट्स की जीत
डेमोक्रेटिक पार्टी ने टेक्सास, आयोवा, दक्षिण कैरोलिना और कंसास जैसे उन राज्यों में भी महत्वपूर्ण जीत दर्ज की, जिन्हें रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। इन राज्यों में दो साल पहले 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद इस बार मतदाताओं ने कई सीटों पर डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों का समर्थन किया। रिपोर्टों के मुताबिक, डेमोक्रेट्स ने सीनेट में कई रिपब्लिकन सीटें अपने नाम कीं। प्रतिनिधि सभा में भी पार्टी ने दो दर्जन से अधिक सीटों पर बढ़त बनाकर बहुमत का आंकड़ा पार किया। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में बहुमत के लिए 218 सीटों की जरूरत होती है।  

 

महंगाई और ईरान युद्ध ने डुबोई ट्रंप की नैया
चुनाव में महंगाई, बढ़ती जीवन-यापन लागत, ईरान के साथ युद्ध और सरकार में भ्रष्टाचार को लेकर मतदाताओं की नाराजगी अहम मुद्दे रहे। डेमोक्रेटिक पार्टी ने इन मुद्दों को उठाते हुए ट्रंप प्रशासन की नीतियों पर सवाल खड़े किए। चुनावी नतीजों को रिपब्लिकन नेतृत्व के प्रति मतदाताओं की नाराजगी और ट्रंप की नीतियों पर जनमत के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में स्थानीय मुद्दों और उम्मीदवारों की भूमिका भी चुनाव परिणामों को प्रभावित करती रही। 
 


अब ट्रंप के फैसलों पर कांग्रेस की नजर
कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक पार्टी का बहुमत होने से राष्ट्रपति ट्रंप के सामने नई चुनौतियां खड़ी होंगी। संसद में विधेयकों को पारित कराने, बजट और नियुक्तियों से जुड़े फैसलों में उन्हें डेमोक्रेट्स का समर्थन हासिल करना पड़ सकता है। इसके अलावा, दोनों सदनों में बहुमत मिलने से डेमोक्रेट्स को ट्रंप प्रशासन की नीतियों और कामकाज की जांच करने तथा सुनवाई कराने की अधिक शक्ति मिलेगी। इसका असर ट्रंप के कार्यकाल के अंतिम दो वर्षों पर पड़ सकता है। अब वाशिंगटन में रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच टकराव बढ़ने और कई मुद्दों पर राजनीतिक गतिरोध की आशंका है। 
 

चुनावी नतीजों के बीच ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह चुनाव में उम्मीदवार नहीं थे। उन्होंने लिखा, “मैं मतपत्र पर नहीं था और अगर होता तो हम भारी अंतर से जीतते।” ट्रंप ने हार के लिए कुछ उम्मीदवारों की गुणवत्ता को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, डेमोक्रेटिक नेताओं ने नतीजों को अपनी नीतियों और चुनावी मुद्दों के पक्ष में मिले जनसमर्थन के तौर पर पेश किया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News