होर्मुज पर कब्जे की जंग तेज; मिडटर्म चुनाव से चंद घंटे पहले US का ईरान पर हमला, केश्म द्वीप पर 5 धमाके

punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 11:51 AM (IST)

Washington: अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के लिए मतदान से कुछ घंटे पहले ईरान में एक बार फिर धमाकों से दहशत फैल गई। रणनीतिक रूप से बेहद अहम केश्म द्वीप पर सोमवार को कम से कम पांच जोरदार विस्फोट हुए। अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अधिकारियों के हवाले से इन हमलों के पीछे अमेरिका का हाथ होने का दावा किया है। हालांकि, ईरान ने हमले की जिम्मेदारी अमेरिका या इजराइल पर आधिकारिक तौर पर नहीं डाली है। दूसरी ओर, ईरानी मीडिया ने दो अमेरिकी जासूसी ड्रोन मार गिराने का दावा किया है।

 

खास बात यह है कि धमाकों से कुछ घंटे पहले ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान पर दोबारा हमला करने की योजना से इनकार किया था।  इस बीच ईरान ने दो अमेरिकी एमक्यूएम-170 जासूसी ड्रोन मार गिराने का दावा किया है। हमलों के बाद केश्म द्वीप पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। सामने आए वीडियो में गैस स्टेशनों पर गाड़ियों की लंबी कतारें नजर आईं। लोग संभावित आपात स्थिति को देखते हुए ईंधन और ऊर्जा का भंडारण करते दिखाई दिए।केश्म द्वीप करीब 1,445 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला ईरान का सबसे बड़ा द्वीप है। कभी पर्यटन और मुक्त व्यापार क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाला यह द्वीप अब ईरान की सैन्य रणनीति का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार के पास स्थित होने के कारण  केश्म द्वीप का सामरिक महत्व बेहद अधिक है।

 

इसके पीछे तीन बड़ी वजहें हैं...
भूमिगत सैन्य ठिकाने: रिपोर्टों के मुताबिक, द्वीप के नीचे सुरंगों और नमक की गुफाओं का बड़ा नेटवर्क है। ईरान ने यहां तटीय मिसाइल प्रणालियां और तेज हमला करने वाली नौकाएं छिपा रखी हैं।

होर्मुज पर नियंत्रण: इस द्वीप से ईरान को समुद्री रास्तों पर नजर रखने और जहाजों की आवाजाही प्रभावित करने की रणनीतिक क्षमता मिलती है। होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों का रास्ता रोकने या सीमित करने में इसकी अहम भूमिका हो सकती है।

दुनिया की तेल सप्लाई पर असर: दुनिया के बड़े तेल और गैस परिवहन मार्गों में शामिल होर्मुज से बड़ी मात्रा में ऊर्जा संसाधनों की आवाजाही होती है। ऐसे में इस क्षेत्र में सैन्य तनाव बढ़ने का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार और तेल की कीमतों पर पड़ सकता है।
 

 

केश्म द्वीप पर धमाकों से पहले सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिका फिलहाल ईरान पर दोबारा हमला करने की तैयारी नहीं कर रहा है।पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि क्या वह मंगलवार को होने वाले मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान पर हमला करने पर विचार कर रहे हैं? इस पर ट्रम्प ने साफ जवाब दिया- नहीं।  उन्होंने ईरान के साथ समझौते की उम्मीद भी जताई। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि बड़े युद्ध की आशंका कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में करीब 10 डॉलर प्रति बैरल की गिरावट आई है।  उनके मुताबिक, 31 अक्टूबर को तेल की कीमत 118 डॉलर प्रति बैरल थी, जो 1 नवंबर को घटकर 108 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News