VIDEO: न्यूयॉर्क में बड़ा हादसा: मैक्सिकन नौसेना का जहाज ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Sunday, May 18, 2025 - 11:12 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क। न्यूयॉर्क शहर में एक अप्रत्याशित घटना घटी जब मैक्सिकन नौसेना का एक प्रशिक्षण जहाज 'कुआउटेमोक' ईस्ट रिवर से गुजरते समय प्रसिद्ध ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। यह टक्कर तब हुई जब जहाज का ऊपरी हिस्सा पुल के निचले ढांचे से टकरा गया। घटना के तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हादसे में कोई घायल हुआ है या नहीं और यदि हां तो वे जहाज पर सवार थे या पुल पर मौजूद लोग थे।
वायरल वीडियो में दिखा टक्कर का मंजर
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मैक्सिकन ध्वज लहराता हुआ जहाज का ऊपरी हिस्सा पुल के निचले भाग से टकराता है और घर्षण करते हुए आगे बढ़ता रहता है। टक्कर के बाद जहाज नदी के किनारे की ओर मुड़ जाता है जहां किनारे पर खड़े लोग इस अप्रत्याशित दृश्य को देखकर हैरान रह जाते हैं।
मेक्सिको की नौसेना का ये जहाज़ न्यू यॉर्क में ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया। बीस लोग घायल बताए जा रहे हैं। pic.twitter.com/aFJcd3bZil
— Kadambini Sharma (@SharmaKadambini) May 18, 2025
मैक्सिकन नौसेना ने की घटना की पुष्टि
मैक्सिकन नौसेना ने आधिकारिक तौर पर एक बयान जारी कर इस घटना की पुष्टि की है। नौसेना ने बताया कि उनका प्रशिक्षण जहाज 'कुआउटेमोक' ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया है। बयान में आगे कहा गया है कि नौसेना और स्थानीय अधिकारी मिलकर इस घटना की जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही जहाज पर सवार कर्मियों और जहाज के उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। मैक्सिकन नौसेना ने यह भी दोहराया कि वे अपने कर्मियों की सुरक्षा, पारदर्शी संचालन और भावी नौसैनिक अधिकारियों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
ब्रुकलिन ब्रिज से यूँ टकराया मैक्सिको नेवी का जहाज़ pic.twitter.com/1dsSqVrpKX
— Umashankar Singh उमाशंकर सिंह (@umashankarsingh) May 18, 2025
ब्रुकलिन ब्रिज से टकराने वाले मैक्सिको नेवी के जहाज़ कुछ इस तरह का कार्यक्रम चल रहा था https://t.co/Oi2qpjOsop pic.twitter.com/Fv5mJIbE8t
— Umashankar Singh उमाशंकर सिंह (@umashankarsingh) May 18, 2025
277 लोग थे जहाज पर सवार
'कुआउटेमोक' मैक्सिकन नौसेना का एक विशेष प्रशिक्षण जहाज है जिसका मुख्य उद्देश्य नौसेना के कैडेट्स को समुद्री यात्रा के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। यह जहाज 6 अप्रैल को अकापुल्को बंदरगाह से कुल 277 लोगों के साथ एक लंबे प्रशिक्षण मिशन पर रवाना हुआ था। इस मिशन के दौरान जहाज को 15 देशों के 22 बंदरगाहों पर रुकना था जिनमें जमैका का किंग्सटन, क्यूबा का हवाना, मेक्सिको का कोजुमेल, अमेरिका का न्यूयॉर्क, आइसलैंड का रेक्याविक, फ्रांस के बोर्डो और डनकर्क तथा स्कॉटलैंड का एबरडीन जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं।
पूरे मिशन की अवधि 254 दिनों की थी जिसमें 170 दिन समुद्र में और 84 दिन विभिन्न बंदरगाहों पर बिताने का कार्यक्रम निर्धारित था। अब इस अप्रत्याशित टक्कर के बाद इस प्रशिक्षण मिशन पर क्या प्रभाव पड़ता है यह देखने वाली बात होगी।