मलेशिया के पूर्व PM महातिर बोले- अपने स्वार्थ के लिए ताइवान-चीन को भड़का रहा अमेरिका

punjabkesari.in Saturday, Aug 20, 2022 - 12:09 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद ने शुक्रवार को अमेरिका पर चीन-ताइवान में युद्ध भड़काने का प्रयास करने का आरोप लगाया। महातिर मोहम्मद ने युद्ध की कोशिश को अमेरिका की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि अगर दोनों मुल्कों के बीच जंग छिड़ेगी तो इसका फायदा उठाकर अमेरिका, ताइवान की मदद करने का तर्क देगा और वहां भारी मात्रा में हथियार बेच सकेगा। ताइवान और चीन के बीच अमेरिकी स्पीकर नैंसी पेलोसी के ताइपे दौरे के बाद से तनाव बढ़ गया है, बावजूद इसके अमेरिका के सांसदों का एक डेलिगेशन भी ताइवान की यात्रा कर चुका है। 

 

पूर्व प्रधानमंत्री ने एक साक्षात्कार में उम्मीद जताई कि मलेशिया की ‘‘भ्रष्टाचारी'' सत्ताधारी पार्टी आने वाले महीनों में आम चुनाव कराएगी। दो बार मलेशिया के प्रधानमंत्री रहे महातिर को पश्चिम और इसकी भूगोलीय राजनीति का आलोचक माना जाता है। उन्होंने चेताया कि अमेरिका प्रतिनिधिसभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी की हालिया यात्रा के जरिये चीन को नाराज करने का काम कर रहा है। चीन, ताइवान को अपना क्षेत्र होने का दावा करता है।

 

महातिर (97) ने कहा, ‘‘चीन ने ताइवान को स्वायत्त रहने की इजाजत दी है। उसने (चीन) आक्रमण नहीं किया। अगर वे आक्रमण करना चाहते, तो वे ऐसा कर सकते थे। उसने ऐसा नहीं किया। लेकिन, अमेरिका उन्हें उकसा रहा है ताकि युद्ध हो जाये और चीनी सरकार हमला करने की गलती कर दे।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद अमेरिका ताइवान की सहायता करने का तर्क देगा और ताइवान को भारी मात्रा में हथियार बेच सकेगा।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News