पाकिस्तान के कराची में बड़ा हादसा, स्कूल की छत और दीवार ढहने से 5 लोगों की मौ''त

punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 11:32 PM (IST)

कराचीः पाकिस्तान के कराची में शुक्रवार को एक प्राथमिक स्कूल की छत और दीवार ढहने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। ईधी वेलफेयर ट्रस्ट के एक बयान के अनुसार, ओरांगी टाउन में ढही स्कूल की इमारत के मलबे से पांच शव बरामद किए गए हैं। वहीं, दो घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतकों में कोई भी छात्र शामिल नहीं है, हालांकि मृतकों की पहचान की पुष्टि की जा रही है। बयान में कहा गया कि ईधी के कर्मी और अन्य बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं तथा मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।

इसके अनुसार, शुरुआती बचाव अभियान के दौरान इमारत के मलबे से पांच शव बरामद किए गए। यह घटना सिंध प्रांत के दक्षिणी हिस्से में स्थित दादू जिले के मेहर इलाके में अगस्त में हुई ऐसी ही घटना के बाद सामने आई है, जिसमें एक कक्षा की छत गिरने से कम से कम 10 छात्राएं घायल हो गई थीं। ओरांगी टाउन कराची के सबसे घनी आबादी वाले कम आय वाले इलाकों में से एक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News