समुद्र में मौत का मंजर…105 प्रवासियों से भरी नाव डूबी, 32 को बचाया गया, 71 अब भी लापता
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 10:38 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः इटली के तट के पास भूमध्य सागर में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां प्रवासियों से भरी नाव डूब गई। राहत एजेंसियों के अनुसार, इस हादसे में 71 लोग समुद्र में लापता हो गए हैं। दो व्यापारिक जहाजों ने मौके पर पहुंचकर 32 लोगों को जिंदा बचाया और 2 शव बरामद किए। ये लोग लीबिया से यूरोप जाने की कोशिश कर रहे थे।
लैंपेडुसा लाए गए पीड़ित
राहत कार्य में जुटी संस्थाओं Mediterranea Saving Humans और सी-वॉच ने बताया कि पीड़ितों को इटली के लैम्पेडुसा द्वीप पर लाया गया, जहां आगे की मदद दी जा रही है। बचाए गए लोगों के मुताबिक, नाव में कुल 105 लोग सवार थे, जिनमें से 71 लोग समुद्र में लापता हो गए।
खराब मौसम बना बड़ा खतरा
इस साल भूमध्य सागर में खराब मौसम के कारण हालात और खतरनाक हो गए हैं। इससे उत्तरी अफ्रीका से यूरोप की ओर जाने वाली यात्राएं कम हुई हैं, लेकिन जो लोग समुद्र में उतर रहे हैं, उनके लिए जोखिम कई गुना बढ़ गया है।
