वियना ने परमाणु बैठक में वरिष्ठ ईरानी अधिकारी की एंट्री रोकी, आगबबूला हुआ तेहरान

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 07:25 PM (IST)

Tehran: ईरान ने सोमवार को वियना में संयुक्त राष्ट्र की परमाणु एजेंसी की सालाना बैठक से उसके परमाणु ऊर्जा संगठन के प्रमुख को बाहर रखे जाने की निंदा की और कहा कि यह एक सदस्य देश के तौर पर तेहरान के अधिकारों का "गंभीर उल्लंघन" है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की बैठकों में शामिल होने के लिए जरूरी पहुंच से इनकार करना, हमारी पूर्ण और प्रभावी भागीदारी में रुकावट डालता है और यह उस कानूनी ढांचे की भावना और नियम, दोनों के खिलाफ है जो इन बैठकों में शामिल होने के तरीकों को तय करता है।  ईरान के राजदूत रजा नजाफी ने एजेंसी की आम सभा में मौजूद प्रतिनिधियों से यह बात कही।

 

नजाफी ने IAEA और संयुक्त राष्ट्र के दूसरे संगठनों की मेजबानी करने वाले देश ऑस्ट्रिया की आलोचना करते हुए कहा कि मोहम्मद इस्लामी को वीजा न देने का वियना का फैसला "मेजबान देश की जिम्मेदारी का उल्लंघन है"। वियना में संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत मिखाइल उल्यानोव ने ईरान की बात का समर्थन करते हुए कहा कि ऑस्ट्रिया ने आईएईए के मेजबान देश के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों का "गंभीर उल्लंघन" किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों ने "उन देशों से हिसाब बराबर करने के लिए वीजा से जुड़े गलत तरीकों का एक बड़ा अभियान चलाया है, जिन्हें वे अवांछित मानते हैं"।

 

ऑस्ट्रिया का कहना है कि इस्लामी को बाहर रखने के लिए संयुक्त राष्ट्र की एक समिति जिम्मेदार है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी ऑस्ट्रिया के इस कदम की निंदा की। तेहरान ने इस फैसले का विरोध किया और ऑस्ट्रिया के मिशन प्रभारी को तलब किया। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना था कि मेजबान देश होने के नाते ऑस्ट्रिया वीजा जारी करने के लिए बाध्य था। ऑस्ट्रिया ने जवाब में कहा कि संरा सुरक्षा परिषद की एक समिति ने इस्लामी को यात्रा प्रतिबंध से छूट देने के ऑस्ट्रिया के अनुरोध को खारिज कर दिया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News