इंटरपोल ने UAE के विवादित अधिकारी को चुना अपना अध्यक्ष

punjabkesari.in Thursday, Nov 25, 2021 - 06:21 PM (IST)

इस्तांबुल: अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन निकाय इंटरपोल ने इस्तांबुल में हुई वार्षिक आमसभा में बृहस्पतिवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के विवादित अधिकारी को अपना अध्यक्ष चुना। इंटरपोल ने संयुक्त अरब अमीरात के गृह मंत्रालय में महानिरीक्षक मेजर जनरल अहमद नसीर अल रायसी को चार साल साल के लिए अध्यक्ष बनाया है। उल्लेखनीय है कि मेजर जनरल रायसी पर मानवाधिकार समूह UAE में मनमाने तरीके से लोगों को हिरासत में रखने और यातनाएं देने के आरोप लगाते रहे हैं।

 

गौरतलब है कि इंटरपोल के अध्यक्ष के चुनाव पर करीब से नजर रखी जा रही थी क्योंकि संगठन के पहले चीनी अध्यक्ष मेंग होंगवेई 2018 में चीन जाते वक्त रास्ते में लापता हो गए थे। तब उनका कार्यकाल पूरा नहीं हुआ था। इसके बाद पता चला कि उन्हें हिरासत में लिया गया है और उन पर रिश्वत लेने और अन्य अपराधों में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।

 

अंतर्राष्ट्रीय कानून प्रवर्तन निकाय ने कहा कि ब्राजील के वालडेसी उरक्विजा को अमेरिका के लिए निकाय का उपाध्यक्ष चुना गया है जबकि नाइजीरिया के गरबा बाबा उमर, अफ्रीका के लिए इंटरपोल के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। अल रायसी के खिलाफ फ्रांस और तुर्की सहित पांच देशों में यातना देने और अन्य आरोपों में आपराधिक शिकायत दर्ज है। गौरतलब है कि इंटरपोल का मुख्यालय फ्रांस के पेरिस में है जबकि इस्तांबुल, तुर्की का शहर है जहां पर इंटरपोल के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News