रूस के 38 शहरों में पुतिन के खिलाफ प्रदर्शन,1371 लोग हिरासत में
punjabkesari.in Friday, Sep 23, 2022 - 11:15 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 3 लाख रिजर्व सैनिकों को तैनात करने का ऐलान किया है। इसके बाद से ही रूस में जमकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। राजधानी मास्को, सबसे बड़े औद्योगिक शहर सेंट पीटर्सबर्ग तथा 38 शहरों में बड़ी संख्या में लोगों ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया।
एक स्वतंत्र निगरानी समूह ने दावा किया कि इन दोनों शहरों में रिजर्व सैनिकों की यूक्रेन में तैनाती के विरोधी रैलियों में शामिल सैंकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मास्को में प्रदर्शनकारियों ने ‘नो टू वॉर, लाइफ टू अवर चिल्ड्रन, नो मोबिलाइजेशन’ के नारे भी लगाए। पुतिन की इस सैन्य तैनाती के आदेश के बाद आशंका जताई जा रही है कि यूक्रेन युद्ध और ज्यादा भड़क सकता है।
रूसी सेना और युद्ध की आलोचना के खिलाफ कठोर कानूनों के बावजूद पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हुए। स्वतंत्र रूसी मानवाधिकार समूह के अनुसार विरोध प्रदर्शनों में 1371 रूसियों को गिरफ्तार किया गया था। रूसी समाचार एजैंसी इंटरफैक्स ने गृह मंत्रालय के हवाले से कहा कि पुलिस ने बिना अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने और रैलियां निकालने के प्रयास को विफल कर दिया है। सभी प्रदर्शनों को रोक दिया गया है और उल्लंघन करने वालों को गिरफ्तार किया गया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने विश्व समुदाय से रूस को उसके आक्रमण के लिए दंडित करने का आग्रह किया, साथ ही उन्होंने अपने देश का एक-एक हिस्सा रूसी कब्जे से वापस लेने का संकल्प जताया।