यूक्रेन ने पुतिन की बिना शर्त वार्ता की पेशकश का किया स्वागत, कहा-पहले युद्धविराम हो
punjabkesari.in Sunday, May 11, 2025 - 03:37 PM (IST)

International Desk: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि वह यह देखकर खुश हैं कि रूस अंततः युद्ध को समाप्त करने के लिए कदम उठा रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति वार्ता शुरू होने से पहले युद्धविराम की आवश्यकता है। जेलेंस्की ने इसे ‘‘सकारात्मक संकेत’’ के रूप में देखा और कहा कि ‘‘पूरी दुनिया लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रही थी’’। उन्होंने यह भी कहा कि ‘‘किसी भी युद्ध को सही तरीके से समाप्त करने का पहला कदम युद्धविराम है’’, जो कि शांति प्रक्रिया की दिशा में पहला ठोस कदम हो सकता है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस विषय पर मीडिया से बात करते हुए शांति वार्ता के लिए एक अलग प्रस्ताव पेश किया। पुतिन ने शनिवार रात एक बयान में कहा कि रूस यूक्रेन के साथ 15 मई को इस्तांबुल में ‘‘बिना किसी पूर्व शर्त’’ के सीधी वार्ता फिर से शुरू करने का प्रस्ताव देता है, लेकिन युद्धविराम को लेकर कोई संकलप नहीं किया। पुतिन का कहना था कि उनके प्रस्ताव से युद्ध विराम की बजाय सीधे संवाद की शुरुआत की जा सकती है, जो कि शांति स्थापित करने के लिए अधिक प्रभावी होगा। इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूस की पहल का स्वागत किया था, लेकिन उन्होंने कहा कि यदि रूस शांति चाहता है तो उसे पहले युद्धविराम स्वीकार करना होगा।
इसके बाद ही दोनों पक्षों के बीच शांति वार्ता संभव होगी। जेलेंस्की ने रूस के इस प्रस्ताव का आकलन करते हुए कहा कि इससे ‘‘संकीर्ण दृष्टिकोण’’ को छोड़कर व्यापक शांति स्थापित की जा सकती है, लेकिन युद्धविराम के बिना वार्ता का कोई अर्थ नहीं होगा। यूक्रेन में चल रहे युद्ध में दोनों देशों के बीच लगातार तनाव बना हुआ है और इससे प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की भारी संख्या में हताहत हो रही है। यूक्रेन का यह कहना है कि युद्धविराम के बिना शांति की कोई उम्मीद नहीं है, जबकि रूस शांति वार्ता को लेकर अधिक लचीलापन चाहता है।